कोरोना संक्रमण बचाव की सभी सावधानियां अपनायें – कलेक्टर

कटनी  विश्वव्यापी महामारी कोविड-19 संक्रमण से बचाव की सभी सावधानियां अपनाने की अपील कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने जिले के नागरिकों से की है। उन्होने कहा है कि कोरोना वायरस संक्रमण फैलने का खतरा कम नहीं हुआ है। बल्कि सभी प्रकार की गतिविधियां संचालित होने से खतरा बढ़ा है। अनलॉक अवधि में जरा भी लापरवाही नहीं बरतें। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये केन्द्र शासन और राज्य शासन स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों और बचाव के प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करें। कलेक्टर श्री सिंह ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि बिना वजह और आवश्यक नहीं होने पर घर से बाहर नहीं निकलें। बच्चों, बुजुर्गों और अन्य बीमारी से ग्रसित अथवा कमजोर इम्युनिटी वाले व्यक्ति विशेष सावधानी बरतें। घर से बाहर निकलते समय और हर समय मास्क लगाकर रखें। समय-समय पर साबुन से हाथ धोते रहें और हर जगह सोशल डिसटेन्सिंग के नॉर्म्स का पालन सख्ती से करें।

कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि अनलॉक-4 में गतिविधियों में मिली छूट का आशय यह नहीं है कि कोरोना का खतरा कम हो गया है और हम असावधानी या बचाव के प्रोटोकॉल को नजरअंदाज करें। कोरोना वायरस संक्रमण के रोगियों की बढ़ रही तादात के दृष्टिगत अभी पीक टाईम आना बाकी है। कोरोना की बीमारी का कोई इलाज या टीका जब तक ईजाद नहीं हो जाता, तब तक सावधानियों और बचाव के प्रोटोकॉल का दृढ़ता से पालन किया जाना जरुरी है। कोरोना से बचाव ही इसका एक मात्र तरीका है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें