साढ़े तीन साल में बनायेंगे मध्यप्रदेश को आत्मनिर्भर-मुख्यमंत्री श्री चौहान
( भिण्ड )
अमायन में तहसील एवं रौन को नगर पंचायत बनाने की घोषणा, मुख्यमंत्री ने कहा कल से ही अमायन में शुरू हो जायेगा तहसील कार्यालय, मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमा भारती ने अमायन में किया, लगभग 20 करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन
|
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि लगभग 160 करोड़ रूपए लागत की माँ रतनगढ़ सिंचाई परियोजना को भी प्रदेश सरकार ने फिर से शुरू करा दिया है। इस सिंचाई परियोजना से अमायन क्षेत्र के 63 गाँवों की जमीन सिंचित होगी। उन्होंने राज्य मंत्री श्री ओ पी एस भदौरिया द्वारा क्षेत्र के विकास के लिये की गई माँगों को पूरा करने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि हम मेहगाँव व अमायन क्षेत्र में विकास का नया अध्याय लिखेंगे। श्री चौहान ने मेहगाँव क्षेत्र में बने नए स्टेडियम, कृषि उपज मंडी एवं अन्य बड़े विकास कार्यों का नामकरण महापुरूषों के नाम से कराने के लिये प्रस्ताव भिजवाने के लिए राज्य मंत्री श्री ओपीएस भदौरिया से कहा। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दोहराया कि कोरोना संकट के बाबजूद प्रदेश सरकार विकास कार्यों के लिये धन की कमी नहीं आने देगी। सरकार ने जनहित की बंद पड़ी योजनाओं को फिर से शुरू कर दिया है। सरकार शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र में फुटपाथ पर व्यवसाय करने वाले पथ विक्रेताओं को 10 दृ 10 हजार रूपए का ऋण बिना ब्याज के मुहैया करा रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस अवसर पर यह भी जानकारी दी कि प्रदेश सरकार पत्रकारगणों पर मेडीकल बीमा के अतिरिक्त प्रीमियम का बोझ नहीं आने देगी। उन्होंने कहा कि बढ़ा हुआ प्रीमियम प्रदेश सरकार भरेगी। पूर्व मुख्यमंत्री सुश्री उमा भारती ने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए कहा हमें भरोसा है कि आत्मनिर्भर भारत योजना में मुख्यमंत्री श्री चौहान मध्यप्रदेश को मॉडल बनाकर दिखायेंगे। सुश्री उमा भारती ने यह भी कहा कि महामारियों के फैलने के पीछे प्रकृति के साथ किया गया अन्याय भी है। उन्होंने कहा हमारी संस्कृति, प्रकृति, पर्यावरण, विज्ञान एवं आस्था को साथ लेकर चलती है। हमें अपनी जीवनशैली बदलकर इसी संस्कृति पर चलना होगा। सुश्री उमा भारती ने नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री श्री ओ पी एस भदौरिया की कार्यशैली की भी सराहना की और कहा कि वे सदैव जनता के हित के लिए प्रयासरत रहते हैं। नगरीय विकास एवं आवास राज्य मंत्री श्री ओ पी एस भदौरिया ने स्वागत उदबोधन दिया। उन्होंने कहा कि पिछले तीन माह के भीतर ही मध्यप्रदेश की नई सरकार ने मेहगाँव, अमायन व गोरमी क्षेत्र के विकास के लिये 350 करोड़ रूपए की सौगातें दी हैं। जिसमें पेयजल योजनायें, स्टेडियम, स्कूल भवन, सिंचाई परियोजनायें तथा अन्य विकास कार्य शामिल हैं। श्री भदौरिया ने मेहगांव व अमायन क्षेत्र के विकास से संबंधित मांग पत्र भी मुख्यमंत्री श्री चौहान को सौंपा। कार्यक्रम में इनकी भी रही मौजूदगी
पूर्व मंत्री श्री लाल सिंह आर्य, पूर्व विधायकगण सर्वश्री रसाल सिंह, शिवशंकर समाधिया व मुकेश चौधरी तथा सर्वश्री नाथू सिंह गुर्जर, कोक सिंह नरवरिया व श्री केशव सिंह भदौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधिगण एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय जनता मौजूद थी। इन कार्यों का हुआ भूमिपूजन
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गोरमी ,शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय भारौली एवं शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेहगांव में नए भवनों का निर्माण प्रत्येक की लागत एक-एक करोड़, गहेली से सायना रोड 3.20 करोड़ तथा अमायन से तुलसीपुरा मेहगांव मार्ग लागत 3.60 करोड़ रुपए। साथ ही मेहगांव जनपद पंचायत की विभिन्न ग्राम पंचायतों में महात्मागांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना (मनरेगा) के तहत मंजूर हुए 3.24 करोड़ रुपये लागत के विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया गया। इन कार्यों का हुआ लोकार्पण
मदेपुरा से सायपुरा रोड लागत 2.60 करोड़ रुपए एवं मेहगांव तहसील की ग्राम पंचायतों में मनरेगा के अंतर्गत 4.69 करोड़ के विकास कार्य। इन योजनाओं के तहत बांटी आर्थिक सहायता
10 बच्चियों को लाड़ली लक्ष्मी अंतर्गत प्रमाण पत्र, राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत जाग्रति आजीविका संकुल स्तरीय संघ को एक लाख की सहायता, पथ विक्रेता योजना ग्रामीण व शहरी के अंतर्गत 5-5 हितग्राहियों को 10-10 हजार रुपये की आर्थिक मदद, मुख्यमंत्री जनकल्याण संबल योजना के तहत मृतक के परिजनों को आर्थिक सहायता। योजना के तहत अनुगृह सहायता के रूप में एक परिवार को चार लाख एवं 5 परिवारों को 2-2 लाख रुपये की अनुगृह राशि के चौक सौंपे गए। इसी तरह मध्यप्रदेश भवन एवं अन्य सनिर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के तहत विवाह सहायता के रूप में 5 हितग्राहियों को 51-51 हजार रुपये के चौक। प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना अंतर्गत 2 हितग्राहियों को आयुष्मान गोल्डन कार्ड वितरित किए गए। इसके अलावा 6 दिव्यांगजनो को बेटरी चलित ट्राइसकिल वितरित की गईं। |
