गंभीरता से करें गरीब कल्याण सप्ताह के कार्यक्रमों का क्रियान्वयन – कलेक्टर

समय सीमा प्रकरणों की बैठक सम्पन्न

कटनी  राज्य शासन के निर्देशानुसार 16 सितम्बर से 23 सितम्बर तक गरीब कल्याण सप्ताह का प्रदेशभर में आयोजन किया जा रहा है। सप्ताह के अन्तर्गत विभिन्न विभागों के स्टेकहोल्डर्स और हितग्राहियों को दिवसवार निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार लाभान्वित किया जायेगा। इस आशय की जानकारी देते हुये कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने जिले में गरीब कल्याण सप्ताह के आयोजन की तैयारियों के संबंध में सोमवार को सम्पन्न समय सीमा प्रकरणों की बैठक में आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, एसडीएम बलबीर रमन, डिप्टी कलेक्टर नदीमा शीरी, जिला आपूर्ति अधिकारी पी.के. श्रीवास्तव, जिला प्रबंधक लोक सेवा दिनेश विश्वकर्मा सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।

            समय सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाईन के प्रकरणों की समीक्षा करते हुये संबंधित अधिकारियों को प्रकरणों के संतुष्टिपूर्ण निराकरण का प्रतिशत बढ़ाने के निर्देश भी दिये। पशु चिकित्सा एवं टीकाकरण की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्धारित लक्ष्य 4 लाख 30 हजार पशुओं के टीकाकरण के अनुरुप प्रगति लाने के निर्देश दिये। उप संचालक पशु चिकित्सा ने बताया कि पशुपालकों को केसीसी जारी करने बैंकों में 2500 आवेदन फॉर्म भेजे गेय हैं। लेकिन बैंकों द्वारा मात्र 39 में ही स्वीकृति दी गई है। कलेक्टर श्री सिंह ने पशुपालकों के केसीसी जारी करने में रुचि नहीं लेने पर जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक और सहकारी बैंक के सहायक प्रबंधक को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।

            गरीब ल्याण सप्ताह के अन्तर्गत दिवसवार संबंधित विभागों द्वारा आयोजित किये जाने वाले कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा कलेक्टर ने की।

            गरीब कल्याण सप्ताह के प्रथम दिन खाद्य, राजस्व और ग्रामीण विकास विभाग के माध्यम से नवीन पात्रता पर्ची का वितरण और खाद्यान्न वितरण का कार्यक्रम जिला तथा राशन दुकान स्तर पर 16 सितम्बर को होगा। इसी प्रकार 17 सितम्बर को पोषण आहार दिवस मनाया जायेगा। जिसके अन्तर्गत आंगनबाड़ी केन्द्र स्तर पर कुपोषित बच्चों को दूध का वितरण और ग्राम सभाओं में ग्राम स्तरीय पोषण कार्ययोजना का प्रस्तुतिकरण किया जायेगा। सप्ताह के अन्तर्गत 18 सितम्बर को प्रदेश के किसानों को मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान फसल बीमा योजना की राशि सिंगल क्लिक से खातों में जमा करेंगे। इसी प्रकार 19 सितम्बर को वन अधिकार हितग्राहियों को पट्टा वितरण, स्ट्रीट वेण्डर्स योजना के हितग्राहियों को ऋण वितरण होगा। 20 सितम्बर को संबल योजना के हितग्राहियों को राशि जारी की जायेगी। इसी दिन स्वसहायता समूहों के लिंकिंग की कार्यवाही होगी।

            21 सितम्बर को मुख्यमंत्री स्ट्रीट वेंडर्स रुरल के हितग्राहियों को ऋण वितरण किया जायेगा। 22 सितम्बर को प्रदेश के 16 हजार से अधिक मेधावी बच्चों को लैपटॉप के लिये राशि का वितरण होगा। सप्ताह के अंतिम दिन 23 सितम्बर को किसानों को पीएम सम्मान निधि और पशुपालकों, मछली पालकों के केसीसी में ऋण वितरण का कार्यक्रम होगा। कलेक्टर श्री सिंह ने विभागों द्वारा जारी निर्देशों का गंभीरता पूर्वक क्रियान्वयन कर सुचारु एवं सफलता पूर्वक सप्ताह के कार्यक्रम आयोजित करने के निर्देश दिये हैं।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें