सेक्टर ऑफीसर एवं पुलिस अधिकारी संयुक्त रूप से क्षेत्र का भ्रमण करें – कलेक्टर

( दतिया )

भाण्ड़ेर विधानसभा उपनिर्वाचन के संबंध में सेक्टर ऑफीसर एवं पुलिस अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश

     कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री संजय कुमार ने जिले की भाण्ड़ेर विधानसभा उपनिर्वाचन हेतु नियुक्त किए गए सेक्टर ऑफीसर एवं पुलिस अधिकारियों की संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि निर्वाचन कार्य संपादित कराने में सेक्टर ऑफीसर एवं पुलिस अधिकारियों की महत्वपूर्ण भूमिका है। निर्वाचन में छोटी से कमी एवं लापरवाही चुनाव को बाधित कर सकती है अतः पूरी सर्तकता, संवेदनशीलता एवं सावधानी के साथ निर्वाचन कार्य संपादित कराये। निर्वाचन कार्य के लिए पूर्ण रूप से अपने को तैयार रहें।
कलेक्टर श्री संजय कुमार मंगलवार को नवीन कलेक्ट्रेट के सभाकक्ष में सेक्टर ऑफीसर एवं पुलिस अधिकारियांे की संयुक्त बैठक को संबोधित कर रहे थे। बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री अमन सिंह राठौर, अपर कलेक्टर श्री विवेक रघुवंशी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री आर.डी. प्रजापति, उपजिला निर्वाचन अधिकारी श्री अशोक सिंह चौहान, एसडीएम भाण्ड़ेर श्री अरविन्द माहौर सहित सेक्टर एवं पुलिस अधिकारी आदि उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री संजय कुमार ने संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि जिले के भाण्ड़ेर विधानसभा (अ.जा.) में उपचुनाव होने वाले है। अतः सभी सेक्टर ऑफीसर एवं पुलिस अधिकारी अपने सेक्टर के तहत् आने वाले सभी मतदान केन्द्रों का संयुक्त भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले। ऐसे लोग जो मतदान के दौरान चुनाव को प्रभावित कर सकते है उन्हें चिन्हित करें। उन्होंने सभी सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिए कि आयोग द्वारा उपनिर्वाचन के संबंध में जो आदर्श आचरण संहिता एवं दिशा निर्देश जारी किए गए है उनका अक्षरांश पालन करने के साथ परिलक्षित भी हो। ऐसा कोई कार्य न करें जिससे आदर्श आचरण संहिता का उल्लंघन हो। उन्होंने कहा कि संयुक्त भ्रमण के दौरान कमजोर तबके के मतदाताओं का विश्वास दिलाये कि वे अपना मत स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं बिना दबाव में आए निर्भिक होकर मतदान करें। किसी भी प्रकार के प्रलोभन एवं दबाव में मतदान न करें। उन्होंने सेक्टर एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि संयुक्त रूप से उन्हें निर्धारित किए गए सेक्टरों का भ्रमण कर स्थानीय कर्मचारियों एवं जन सामान्य से भी चर्चा कर ऐसे तत्व जो चुनाव को प्रभावित कर सकते है उनके संबंध में भी जानकारी ले।
कलेक्टर ने मतदान केन्द्रों पर भी मूलभूत सुविधायें सुनिश्चित करने के साथ-साथ निःशक्त मतदाताओं के लिए रैंप बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि मतदान केन्द्रों में प्रवेश एवं निकास के अलग-अलग दरवाजे हो।
पुलिस अधीक्षक श्री अमन सिंह राठौर ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि शस्त्र जमा कराने की कार्यवाही शुरू करायें। उन्होंने कहा कि जिले की सीमा पर नाके भी स्थापित किए जाए। उन्‍होंने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे क्षेत्र जहां पूर्व निर्वाचन के दौरान किसी भी प्रकार की घटना घटित हुई है उन स्थानों को भी चिन्हित करें। जिससे उन क्षेत्रों में पुनरावृत्ति न हो। क्षेत्र के असमाजिक तत्वों पर सख्ती के साथ निगरानी रखी जाए। बैठक में एसएसटी, वीडियो व्यूइंग टीम द्वारा की जाने वाली कार्यवाही एवं आमसभा हेतु चिन्हित स्थलों के संबंध में भी चर्चा की गई।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें