सबको साख – सबका विकास कार्यक्रम 22 सितंबर को होगा

( इन्दौर )

किसानों के लिये ऑनलाईन पंजीयन हुआ शुरू

गरीब कल्याण सप्ताह के अन्तर्गत 22 सितम्बर 2020 को प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के हितग्राहियों को किसान क्रेडिट कार्ड वितरण तथा किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण देने हेतु सहकारी बैंकों के सुदृढीकरण के लिए 800 करोड़ रूपये की राशि प्रदाय का कार्यक्रम मुख्यमंत्री जी के द्वारा किया जायेगा। इस कार्यक्रम से कृषक बन्धुओं को जोड़ने के लिए ऑनलाईन पंजीयन प्रारंभ कर दिया गया है। पंजीयन के लिए सहकारिता विभाग के द्वारा लिंक जारी कर दी गई है। जिस पर पात्र किसान स्वयं अपने मोबाईल से अपना पंजीयन करा सकते हैं।
उपायुक्त सहकारिता श्री मदन गजभिए और इंदौर को-ऑपरेटिव बैंक के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री एस.के खरे ने बताया है कि किसानों की सुविधा के लिए इंदौर प्रीमियर को-ऑपरेटिव बैंक के ग्रामीण क्षेत्र में कार्यरत समस्त 19 शाखाओं एवं बैंक से सम्बद्ध 120 प्राथमिक कृषि साख सहकारी संस्थाओं में पंजीयन की कार्यवाही आज से प्रारंभ कर दी गई है। अभी तक लगभग आठ हजार किसानों का ऑनलाइन पंजीयन पोर्टल पर हो चुका है। ज्ञातव्य हो कि इन्दौर प्रीमियर को-ऑपरेटिव बैंक के द्वारा जिले के लगभग 65 हजार किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर ऋण प्रदाय किया गया है। ऐसे कृषक जिन्होंने शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर फसल ऋण का लाभ लिया गया है एवं जिन्हें प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत लाभ प्राप्त हुआ है उनसे पंजीयन करने की अपील की गई है।
इसके साथ ही दुग्ध पशु पालकों को कार्यशील पूंजी हेतु एवं मत्स्य पालकों को, जिनके द्वारा इंदौर प्रीमियर को-ऑपरेटिव बैंक से शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर किसान क्रेडिट कार्ड का लाभ लिया गया है उन्हें भी इस कार्यक्रम से जोड़ने के लिए पंजीयन की कार्यवाही की जा रही है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें