किसान चिन्ता नहीं करें, सरकार आपके साथ है – मुख्यमंत्री श्री चौहान
गरीब कल्याण सप्ताह के तीसरे दिन किसानों को मिले फसल बीमा क्लेम के 4688 करोड़ रुपये
कटनी जिले के 489 किसानों को मिला 14 लाख 65 हजार
कटनी – प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर राज्य शासन द्वारा प्रदेशभर में शुरु किये गये गरीब कल्याण सप्ताह का तीसरा दिन शुक्रवार राज्यभर के 22 लाख किसानों को खुशियों की सौगात लेकर आया। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने उज्जैन में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में सिंगल क्लिक के माध्यम से राज्यभर के 22 लाख से अधिक किसानों के खाते में खरीफ 2019 की बीमा दावा राशि 4688 करोड़ रुपये जमा कराई। कार्यक्रम में प्रदेश के कृषि मंत्री कमल पटेल भी उपस्थित थे। राज्यस्तरीय फसल बीमा दावा राशि भुगतान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान और कृषि मंत्री कमल पटैल का संबोधन जिलास्तर, विकासखण्ड स्तर, कृषि विज्ञान केन्द्र, कृषि उपज मण्डी, सहकारी बैंकों में लाईव टेलीकास्ट और जिले के किसानों ने वेबकास्टिंग के माध्यम से अपने-अपने मोबाईल पर देखा।
प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के दावा राशि भुगतान के जिलास्तरीय कार्यक्रम में कलेक्टर शशिभूषण सिंह, परियोजना संचालक आत्मा के0एल0 कोष्ठा, सहायक परियोजना संचालक रजनी चौहान, सहायक संचालक कृषि मनीष मिश्रा सहित जिलेभर से आये किसान उपस्थित थे। जिलास्तरीय कार्यक्रम में तेवरी से आये किसान श्रीराम यादव ने कलेक्टर श्री सिंह को अपने खेत में जैविक खेती से तैयार किये मक्का के भुट्टे भेंट किये। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के खरीफ 2019 की दावा राशि वितरण के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में उज्जैन से मुख्यमंत्री श्री चौहान ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 22 लाख से अधिक किसानों को 4688 करोड़ रुपये की दावा राशि उनके खातों में जमा की। कटनी जिले के 489 किसानों को 14 लाख 56 हजार रुपये की राशि उनके खाते में दावा राशि के रुप में जमा हुई।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने संबोधन में कहा कि किसान बिलकुल भी चिन्ता नहीं करें। राज्य सरकार उनके साथ हमेशा खड़ी है। उन्होने कहा कि प्रदेश के किसानों ने कोरोना संकट काल की चुनौतियों में भी गेहूं का विपुल उत्पादन मेहनत से किया है। अब मध्यप्रदेश ने पंजाब और हरियाणा को भी पीछे छोड़ दिया है। इस बार मध्यप्रदेश में रिकॉर्ड 1 करोड़ 29 लाख मेट्रिक टन गेहूं का उपार्जन हुआ है और 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि गेहूं उपार्जन में किसानों को दी गई है। कोरोना संकट काल में केन्द्र और राज्य सरकार किसानों के साथ खड़ी रहेगी। उन्होने कहा कि प्रधानमंत्री सम्मान निधि में प्रदेश के 45 लाख किसानों में बढ़ोतरी कर 77 लाख किसानों को लाभ दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि किसानों के अलावा दुग्ध उत्पादक, मत्स्य कृषकों को भी किसान क्रेडिट कार्ड दिये जा रहे हैं। ताकि कोई भी किसान क्रेडिट कार्ड से वंचित नहीं रहे। उन्होने कहा कि प्रदेश में कोई भी कृषि उपज मण्डी बन्द नहीं की जायेगी। यदि कोई किसान अपने खेत खलिहान से उपज बेचना चाहता है, तो सरकार उसकी भी व्यवस्था करेगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के लाभार्थी किसान खण्डवा जिले के रेवाराम, सागर जिले के विक्रम और धार जिले के तरुण से सीधी बातचीत की। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना खरीफ 2019 में तीनों किसानों की सोयाबीन फसल नष्ट होने पर क्रमशः 3 लाख 14 हजार रुपये, विक्रम को 1 लाख 44 हजार रुपये और तरुण के 90 हजार रुपये की दावा राशि प्राप्त हुई है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने उज्जैन के किसानों, बद्रीलाल, अर्जुन सिंह रघुवंशी, जालम सिंह सोलंकी, बने सिंह, करन सिंह और आत्माराम को दावा क्लेम प्रमाण पत्र भी वितरित किये।

