नियमानुसार कृषको को उनका हक दिलाने के लिए हम कृत संकल्पित है- मंत्री श्री पटेल
( हरदा )
मंत्री श्री पटेल ने ली समीक्षा बैठक
मंत्री, मध्य प्रदेश शासन, किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग, श्री कमल पटेल द्वारा आज 19 सितम्बर 2020 को सर्किट हाउस हरदा में जिला कलेक्टर श्री संजय गुप्ता, अपर कलेक्टर श्री जे.पी. सैयाम, उपसंचालक कृषि श्री एम.पी.एस. चन्द्रावत एवं बीमा कंपनी के प्रतिनिधि श्री देवराम माणिक के साथ बैठक की गई। बैठक में मंत्री श्री पटेल द्वारा सभी अधिकारी एवं कंपनी प्रतिनिधि को निर्देशित किया गया कि, 44 पटवारी हल्को में जो भी तकनीकी त्रुटि या विसंगति हुई है, उसको फसल कटाई प्रयोग पत्रक एवं कंपनी प्रतिनिधि द्वारा भरे गये विटनेस पत्रक, जिन पर संबंधित हल्का पटवारी अथवा ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी तथा कृषक के हस्ताक्षर होते है, का मिलान किया जावे तथा 03 दिवस में एक्सल शीट तैयार कर बीमा कंपनी, आयुक्त भू-अभिलेख तथा संचालक, किसान कल्याण तथा कृषि विकास को प्रेषित करें, जिससे कि कंपनी द्वारा होल्ड किये हुए 44 पटवारी हल्को का फसल बीमा कृषको के खातो में प्राप्त हो सकें, साथ ही मंत्री श्री पटेल द्वारा यह अवगत कराया गया कि, आगामी रबी मौसम से प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत न्यूनतम बीमा दावा राशि रूपये दो हजार से कम नही दी जाये, इस बावत आदेश प्रसारित किये जा रहे है। मंत्री श्री पटेल द्वारा यह भी बताया गया कि नियमानुसार कृषको को उनका हक दिलाने के लिए, वे कृत संकल्पित है।
ज्ञातव्य है कि प्रधानमंत्री फसल बीमा योजनान्तर्गत 18 सितम्बर 2020 को हरदा जिले में 119 पटवारी हल्को में राशि रूपये 93,59,82,979/- 38803 किसानो के खातो में अंतरित की गई है। जैसा कि पूर्व में बताया गया कि, 44 पटवारी हल्को यथा – पलासनेर, रन्हाईकलां, सामरधा, सुखरास, उड़ा, बालागांव, बुन्दड़ा, डगावाशंकर, धुरगाड़ा, गहाल, जिजगांवखुर्द, केलनपुर, खामापड़वा, मगरधा, नकवाडा, रैसलपुर, सिरकम्बा, जयमलपुरा, संगवामाल, बम्हनगांव, धनवाड़ा, काल्याखेडी, कचनार, कपासी, राजाबरारी, रवांग, टेमरूबहार, पिपल्याकला, खेडीनीमा, गोगिया, कोलीपुरा, सुरजना, हीरापुर, करनपुरा, आदमपुर, भादूगांव, देवतालाब, मांगरूल, पाचातलाई, बैरागढ, डगावानीमा, झाडपा, कडौलाउवारी, कुकरावद में तकनीकी त्रुटि के कारण ईफको टोकिया जनरल इश्योरेंस कंपनी द्वारा बीमा दावा राशि को होल्ड पर रखा है।
