
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री उमाशंकर भार्गव ने विभागों के समय सीमा वाले पत्रों और विभागीय गतिविधियों की समीक्षा करते हुए लंबित पत्रों पर शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने सभी जिला अधिकारियों को सीएम हेल्पलाईन में लंबित शिकायतों का प्राथमिकता के साथ संतोषजनक निराकरण करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री भार्गव ने जिल में खाद की उपलब्धता की जानकारी लेते हुए रबी फसल सीजन के लिए पर्याप्त समय पहले खाद के भण्डारण के संबंध में निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि किसानों की यूरिया सहित अन्य खाद लेने के लिए किसानों को परेशानी न हो, सह सुनिश्चित किया जाए। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में रबी सीजन के लिए यूरिया का 75 प्रतिशत अग्रिम भण्डारण हो गया है। उन्होंने जिले में विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा करते हुए लंबित छात्रवृत्ति के भुगतान के लिए शीघ्र कार्यवाही करने के निर्देश दिए। सामाजिक न्याय विभाग की समीक्षा के दौरान सभी पात्र लोगों को नियमित रूप से प्रतिमाह सामाजिक सुरक्षा पेंशन का भुगतान सुनिश्चित कराए जाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री भार्गव ने पीएम आवास योजना की समीक्षा करते हुए सभी पात्र हितग्राहियों को योजना से लाभान्वित किए जाने के निर्देश दिए। साथ ही पीएम आवास योजना की लंबित किश्तों के भुगतान की भी जानकारी ली। उन्होंने स्ट्रीट वेण्डर योजना की समीक्षा करते हुए कहा कि अधिक से अधिक पात्र पथ विक्रेताओं को योजना से लाभान्वित किया जाए ताकि वे अपना व्यवसाय प्रारंभ कर सकें। जिले में किए जा रहे निर्माण कार्यो की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री भार्गव ने निर्माण कार्यो को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने सांची विधानसभा उप निर्वाचन को दृष्टिगत रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निर्वाचन संबंधी कार्यो के दौरान आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। बैठक में स्वास्थ्य, महिला बाल विकास, पीएचई, लोक निर्माण विभाग, पंचायत ग्रामीण विकास, आरईएस, आदिम जाति कल्याण विभाग, कृषि, उद्यानिकी सहित अनेक विभागों की समीक्षा की गई। बैठक में सीईओ जिला पंचायत श्री पीसी शर्मा सहित जिला अधिकारी उपस्थित थे।