गरीब कल्याण सप्ताह के चौथे दिन मनाया गया ’’वनाधिकार उत्सव’’

जिले के 452 वन अधिकार पत्र धारकों को मिला भूमि आधिपत्य

कटनी  प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर राज्य शासन द्वारा प्रदेशभर में शुरु किये गये गरीब कल्याण सप्ताह का चौथा दिन शनिवार 19 सितम्बर को वनाधिकार उत्सव के रुप में मनाया गया। वन अधिकार अधिनियम 2006 के अन्तर्गत मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने वनाधिकार उत्सव के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में प्रदेश के वनांचलों में गुजर बसर करने वाले लगभग 22 हजार से अधिक नये हितग्राहियों को उनकी काबिज भूमि का आधिपत्य सौंपा। कार्यक्रम में आदिम जाति कल्याण मंत्री सुश्री मीना सिंह भी उपस्थित रहीं।

            राज्यस्तरीय वन अधिकार उत्सव के कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान और जनजातीय कार्य विभाग मंत्री सुश्री सिंह के संबोधन को जिलास्तर, विकासखण्डस्तर पर लाईव टेलीकास्ट और जिले के हितग्राहियों ने वेबकास्टिंग के माध्यम से देखा और सुना।

            वनाधिकार उत्सव के द्वारिका भवन में आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम में कलेक्टर शशिभूषण सिंह, वन मण्डलाधिकारी रमेशचन्द्र विश्वकर्मा, सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, एसडीएम बलबीर रमन, महाप्रबंधक उद्योग अजय श्रीवास्तव, जिला संयोजक सरिता नायक, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम भी उपस्थित थे। वनाधिकार उत्सव के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने वन अधिकार अधिनियम के तहत वनभूमि में काबिज हितग्राहियों को प्रतीक स्वरुप वनाधिकार पत्र प्रदान कर उन्हें काबिज भूमि का आधिपत्य सौंपा। उन्होने वनाधिकार पत्र के लाभार्थियों कु. सीमा, उनकी मां नौरती देवी, धार जिले के हितग्राही सागरिया भाई और गुना जिले के भूर सिंह से सीधी बातचीत की। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने हितग्राहियों से बातचीत के दौरान संबंधित जिले के कलेक्टर्स को वन अधिकार पत्र के खेती किसानी वाले लाभार्थियों की भूमि पर सिंचाई के साधन, कुंआ, पम्प एवं तालाब, मेंड बंधान के कार्य भी कराने के निर्देश दिये। इस मौके पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आदिवासी विकास और कल्याण पर आधारित विकास पुस्तिका मध्यप्रदेश में वनाधिकार की सफल गाथायें का भी विमोचन किया।

            जिलास्तरीय वनाधिकार उत्सव के कार्यक्रम में कलेक्टर शशिभूषण सिंह, वन मण्डलाधिकारी रमेशचन्द्र विश्वकर्मा और सांसद शहडोल के प्रतिनिधि पद्मेश गौतम ने कटनी विकासखण्ड के सरसवाही निवासी बाबाूलाल गोंटिया, सुकली कोल, गेंदलाल, रविकुमार कोल, राकेश कोल, रवि कोल, उर्मिला कोल, सुरेश कोल, कुंजा कोल, खिरहनी के जयभान सिंह को वनभूमि पर काबिज रकबे का वन अधिकार पत्र प्रदान किया। सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे ने सरसवाही के रवि पिता नैना कोल और रवि पिता रामचरण कोल, सरसवाही के सुरेश पिता दुलारे कोल को उनकी भूमि मेंड़ पर बंधान कार्य का स्वीकृति पत्र भी प्रदान किया।

            इसी प्रकार जनपद पंचायतों में आयोजित विकासखण्ड स्तरीय वनाधिकार उत्सव के कार्यक्रम में संबंधित जनपद के वनाधिकार हितग्राहियों को अधिकार पत्र सौंपे गये। इनमें कटनी विकासखण्ड के 50, ढीमरखेड़ा के 244, बड़वारा में 87, बहोरीबंद में 30, रीठी में 33 और विजयराघवगढ़ में 8 नये हितग्राहियों को वनाधिकार पत्र सौंपे गये।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें