कर्मचारियों के हित का संरक्षण मेरी जवाबदारी है – ऊर्जा मंत्री श्री तोमर

( ग्वालियर )

निगम कर्मचारियों द्वारा मंत्री श्री तोमर का अभिनंदन

     प्रदेश के ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा है कि कर्मचारियों के हित के लिये मैं सदैव कार्य करता रहा हूँ और करता रहूँगा। नगर निगम के कर्मचारियों और अधिकारियों की मेहनत से ही ग्वालियर को स्वच्छता रैंकिंग में सम्पूर्ण देश में 13वाँ स्थान मिला है। इसके लिये सभी अधिकारी और कर्मचारी खासकर सफाई कामगार विशेष रूप से बधाई के पात्र हैं। ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने मंगलवार को गालव गेस्ट हाउस में नगर निगम कर्मचारियों द्वारा आयोजित अभिनंदन समारोह में यह बात कही।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर की पहल पर कर्मचारियों के हित में हुए निर्णय के परिप्रेक्ष्य में निगम कर्मचारियों द्वारा अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में नगर निगम के पूर्व एमआईसी सदस्य श्री धर्मेन्द्र राणा, श्री केशव सिंह व श्री दिनेश दीक्षित सहित नगर निगम के कर्मचारी एवं अधिकारी और सफाई कामगार संघ के पदाधिकारी उपस्थित थे।
ऊर्जा मंत्री श्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने कहा कि कर्मचारियों के हक के लिये मैं सदैव उनके साथ हूँ। अगर आवश्यकता पड़ी तो उनके हित में प्रदेश सरकार से भी चर्चा करूँगा। नगर निगम के कर्मचारियों को उनके अधिकार का समयमान तत्काल मिले, इसके लिये प्रशासक एवं निगम आयुक्त के साथ चर्चा कर निर्णय करा लिया गया है। शीघ्र ही इसके आदेश भी जारी किए जायेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम के माध्यम से शहर में किए जा रहे कार्यों में सभी का सहयोग मिले, इसके प्रयास भी किए जा रहे हैं। ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि एक महत्वपूर्ण बैठक में यह भी निर्णय किया गया है कि अब नामांतरण विज्ञप्तियों के प्रकाशन में 5 हजार रूपए के स्थान पर 2 हजार रूपए लिए जायेंगे।
ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने कहा कि गार्वेज शुल्क के युक्तियुक्तकरण हेतु भी कमेटी का गठन किया गया है। इसके साथ ही मिल्क पार्लर संचालन के लिये निगम द्वारा 50 हजार रूपए के स्थान पर 5 हजार रूपए लेने का निर्णय भी किया गया है। उन्होंने कर्मचारियों से आहवान किया कि शहर को साफ-सुथरा और सुंदर बनाने में अपनी महती भूमिका का निर्वहन करें।
कार्यक्रम में पूर्व एमआईसी सदस्य श्री धर्मेन्द्र राणा ने कहा कि कर्मचारियों के हित में ऊर्जा मंत्री श्री तोमर ने पहल कर महत्वपूर्ण निर्णय कराए हैं। नगर निगम के कर्मचारियों को उनके अधिकार मिलें, इसके लिये हम सब कार्य कर रहे हैं। कर्मचारियों के बेहतर कार्य से ही हमारे शहर का नाम भी स्वच्छता रैंकिंग में 13वें स्थान पर आया है। इसके लिये सभी कर्मचारी बधाई के पात्र हैं।
Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें