एसडीएम ने किया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षक
( बड़वानी )
दिये साफ -सफाई के निर्देश
बड़वानी एसडीएम श्री घनश्याम धनगर ने शनिवार को जिला चिकित्सालय बड़वानी का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने मुख्य चिकित्सालय परिसर में संचालित विभिन्न गतिविधियों का सूक्ष्म अवलोकन कर जिम्मेदार पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री शिवराजसिंह वर्मा के निर्देश पर जिला चिकित्सालय पहुंचे एसडीएम ने 16 पलंग वार्ड के निरीक्षण के दौरान शौचालय के पास प्राप्त गंदगी पर अप्रसन्नता व्यक्त करते हुये तत्काल साफ – सफाई करवाने के निर्देश दिये। इसी प्रकार उन्होने कुछ दिनो पूर्व कलेक्टर के द्वारा निरीक्षण के दौरान उनके द्वारा दिये गये निर्देशो पर संचालित सुधारात्मक कार्यो का भी निरीक्षण किया।
इसके तहत उन्होने लोक निर्माण विभाग के पदाधिकारियों को पुनः चेताया कि अस्पताल भवन की दीवारों पर जगह – जगह उग आये पीपल के वृक्षो को इस प्रकार निकलवाया जाये कि वे पुनः उगने न पाये। जिससे दीवार को होने वाली क्षति से बचाया जा सके। इस दौरान उन्होने पेयजल व्यवस्था के पास और साफ – सफाई रखने, वार्डो में बार – बार पोछा लगवाकर सफाई व्यवस्था बनाये रखने के भी निर्देश स्वास्थ्य विभाग के पदाधिकारियों को दिये।
एसडीएम ने इसी प्रकार ब्लड बैंक भी पहुंचकर वहॉ की व्यवस्थाओं का अवलोकन किया एवं निर्देशित किया कि रक्त बैंक के बाहर एक सूचना फलक लगाया जाये। जिस पर ब्लड बैंक में किस गु्रप का कितना रक्त उपलब्ध है, यह अनिवार्य रूप से प्रदर्शित हो। इसी प्रकार उन्होने दवाई वितरण केन्द्र का भी निरीक्षण कर उपलब्ध दवाईयों की जानकारी प्राप्त की। एसडीएम ने अपने निरीक्षण के दौरान भर्ती रोगियों एवं ओपीडी में दिखाने आये लोगो से भी चर्चाकर जानकारी प्राप्त की।
