पेट के कीड़े मारने वाली दवा का बच्चों को कराया जाएगा सेवन

( सीधी )

राष्ट्रीय कृमि मुक्ति कार्यक्रम अंतर्गत 10 दिनों तक जिले में चलेगा अभियान

  जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ० नागेंद्र बिहारी दुबे द्वारा बताया गया कि शासन के निर्देशानुसार 28 सितंबर से अगले माह 7 अक्टूबर 2020 तक क्रिमि नाशन कार्यक्रम का अभियान 10 दिनों तक चलाया जाएगा। इस अभियान में एक से 19 वर्ष के बच्चों को पेट के कीड़े मारने वाली दवा एल्बेंडाजोल टेबलेट खिलाई जाएगी। कृमि नाशक दवा का सेवन कराने के लिए स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास के मैदानी कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण प्रदान किया गया है। इनके द्वारा घर-घर में जाकर कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करते हुए एक से 2 साल के बच्चों को आधी गोली चूर्ण बनाकर साफ पानी में मिलाकर हितग्राही के चम्मच से  दिया जाएगा। 2 वर्ष से 3 वर्ष के बच्चों को पूरी गोली चूरा बनाकर साफ पानी से दिया जाएगा तथा 3 वर्ष से 19 वर्ष के बच्चों को एक गोली पानी के साथ चबा कर खिलाया जाएगा।
उल्लेखनीय  है कि पेट के कीड़े आंत में रहते हैं और भोजन के जरूरी पोषक तत्व को खाते हैं। इससे शरीर का पोषण रुक जाता है। शारीरिक एवं मानसिक विकास अवरुद्ध हो जाता है। पेट में कृमि होने के कारण दस्त, पेट में दर्द, कमजोरी, उल्टी और भूख ना लगने जैसी समस्याएं होने लगती हैं। हल्के संक्रमण वाले बच्चों में आमतौर पर कोई लक्षण नहीं दिखते हैं। बच्चे में कृमि की मात्रा जितनी अधिक होगी, संक्रमण के लक्षण उतने ही अधिक होंगे।
जिले में एक से 19 वर्ष के क्रिमिनाशन हेतु बच्चों का लक्ष्य 513476 राज्य स्तर से निर्धारित किया गया है। लक्ष्य पूर्ति के लिए समस्त सहयोगी विभागों शिक्षा विभाग, आदिवासी विकास, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, महिला बाल विकास एवं स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों व अधिकारियों का उन्मुखीकरण एवं प्रशिक्षण का कार्य किया जा चुका है तथा अपने-अपने क्षेत्र में ड्यूटी के लिए आदेश जारी किए गए हैं। एल्बेंडाजोल गोली की पर्याप्त मात्रा आवश्यकतानुसार समस्त डिपो होल्डर में उपलब्ध कराई गई है। साथ ही प्रतिकूल प्रभाव में आवश्यक दवाओं के सेवन एवं रेफरल व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें