हर ग्राम पंचायत में भी बनेंगे हॉकर्स जोन : मुख्यमंत्री

प्रदेश के 20 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं को राशि वितरण

मुख्यमंत्री ग्रामीण स्ट्रीट वेण्डर्स योजना में जिले के 380 पथ विक्रेताओं को ऋण वितरण

कटनी  प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर राज्य शासन द्वारा प्रदेश भर में शुरु किये गये गरीब कल्याण सप्ताह, पखवाड़ा के अन्तर्गत गुरुवार 24 सितम्बर को प्रदेश भर में 20 हजार से अधिक पथ विक्रेताओं को मुख्यमंत्री ग्रामीण स्ट्रीट वेण्डर्स योजना के तहत कार्यशील पूंजी के रुप में 10-10 हजार रुपये का ब्याजमुक्त ऋण वितरण किया गया। राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशभर के 20 हजार से अधिक ग्रामीण क्षेत्र के पथ विक्रेताओं को 10-10 हजार रुपये की राशि सिंगल क्लिक से खाते में जमा की।

            राज्यस्तरीय मुख्यमंत्री ग्रामीण स्ट्रीट वेण्डर्स योजना के ऋण वितरण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान और पंचायत एवं ग्रामीण विकास राज्य मंत्री रामखेलावन पटेल के संबोधन को जिलास्तर, विकासखण्ड स्तर एवं ग्राम पंचायत स्तर पर लाईव टेलीकास्ट और ग्रामीण क्षेत्र के पंचायत प्रतिनिधियों एवं हितग्राहियों ने वेबकास्टिंग के माध्यम से देखा और सुना।

            मुख्यमंत्री ग्रामीण स्ट्रीट वेण्डर्स के ऋण वितरण के कलेक्ट्रेट एनआईसी में आयोजित जिलास्तरीय कार्यक्रम में कलेक्टर शशिभूषण सिंह, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे ने प्रतीक स्वरुप ग्रामीण स्ट्रीट वेण्डर्स बड़वारा की वर्षा सिंह बघेल, रीठी के रजनीश श्रीवास्तव, ढीमरखेड़ा के श्रवण कुमार सेन और सुरेश बर्मन को 10-10 हजार रुपये का ऋण वितरण किया। इस मौके पर आजीविका मिशन की जिला परियोजना प्रबंधक शबाना बेगम, एसीईओ जिला पंचायत गौरव पुष्प, एलडीएम उद्यम बानरा, जिला प्रबंधक नाबार्ड एम0धनेश, परियोजना प्रबंधक आर0एस0 द्विवेदी भी उपस्थित थे। मुख्यमंत्री ग्रामीण स्ट्रीट वेण्डर्स योजना के तहत कटनी जिले के ग्रामीण क्षेत्र के 380 पथ विक्रेताओं को 3 करोड़ 80 लाख रुपये का ब्याज मुक्त ऋण वितरण किया गया है। जिनमें बड़वारा के 40, बहोरीबंद के 88, ढीमरखेड़ा के 69, कटनी के 102, रीठी के 56 और विजयराघवगढ़ विकासखण्ड के 25 ग्रामीण पथ विक्रेताओं को 10-10 हजार रुपये का ऋण वितरित किया गया है।

            राज्यस्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 20 हजार से अधिक ग्रामीण क्षेत्र के पथ विक्रेताओं को 10-10 हजार रुपये कार्यशील पूंजी ऋण का वितरण किया। उन्होने ग्रामीण पथ विक्रेता योजना के लाभार्थी इन्दौर जिले के सांवेर के सब्जी विक्रेता मुकेश, शहडोल जिले के गोहपारु के मामा फुल्की सेन्टर के संचालक राम बिहारी विश्वकर्मा और गुना जिले के बक्सनपुर गांव में मनिहारी की दुकान चलाने वाले भागीरथ बागले से सीधी बातचीत की। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि कोरोना संक्रमण काल में लॉकडाउन से प्रभावित हुये ग्रामीण क्षेत्र के पथ विक्रेताओं को भी सरकार 10-10 हजार रुपये की कार्यशील पूंजी के रुप में व्यवसाय को पुर्नस्थापित करने ब्याज मुक्त ऋण दिया जा रहा है। हितग्राहियों द्वारा समय पर 10 हजार ऋण वापसी पर अगली बार 20 हजार का पुनः ब्याज मुक्त ऋण हासिल किया जा सकेगा।

            मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि समय पर ऋण अदायगी करने वाले पथ विक्रेताओं को कार्यशील पूंजी ऋण की सीमा 50 हजार रुपये तक बढ़ाई जायेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पथ विक्रेताओं को अन्य योजना से लाभान्वित करने पहचान पत्र भी जारी किये जायेंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाजनक व्यवसाय के लिये पथ विक्रेताओं के लिये ग्राम पंचायतों में भी शहरों की तरह हॉकर्स कॉर्नर बनाये जायेंगे।

जनपद पंचायत कटनी में विधायक ने वितरित किये ऋण

            मुख्यमंत्री ग्रामीण स्ट्रीट वेण्डर्स योजना के हितग्राहियों को ऋण वितरण के लिये जनपद पंचायत कटनी, बड़वारा, रीठी, विजयराघवगढ़, ढीमरखेड़ा, बहोरीबंद में भी समारोह पूर्वक कार्यक्रम आयोजित किये गये। कटनी जनपद पंचायत के द्वारिका भवन में आयोजित विकासखण्ड स्तरीय कार्यक्रम में विधायक मुड़वारा संदीप जायसवाल ने जिले में सर्वाधिक 102 हितग्राहियों को 10 लाख 20 हजार रुपये के ऋण वितरण ग्रामीण पथ विक्रेताओं को किया। कटनी विकासखण्ड में मुख्यमंत्री स्ट्रीट वेण्डर्स योजना के तहत सर्वाधिक 1725 आवेदन प्राप्त हुये हैं। जिनमें बैंकों द्वारा 303 पथ विक्रेताओं को ऋण स्वीकृत कर 102 पथ विक्रेताओं को 10 लाख 20 हजार रुपये का ऋण वितरण किया गया है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें