मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना में मिलेगा प्रदेश के 77 लाख किसानों को लाभ
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने किया शुभारंभ
कटनी – किसानों की आय संवर्धन, कृषि के लिये उन्नत तकनीक का उपयोग, कृषि को लाभ का धन्धा बनाने और प्रदेश के किसानों को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से भारत सरकार द्वारा दिसम्बर 2018 से प्रारंभ प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की तर्ज पर मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश के किसानों के लिये मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना प्रारंभ की है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 25 दिसम्बर को मेधावी छात्रों को प्रोत्साहन राशि वितरण के राज्यस्तरीय कार्यक्रम से मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना का विधिवत् शुभारंभ किया।
मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री श्री चौहान ने प्रदेश के 5 लाख 70 हजार किसानों के खाते में योजना की प्रथम किश्त की राशि 2 हजार रुपये के मान से सिंगल क्लिक द्वारा किसानों के खाते में जमा कराई। योजना का लाभ प्रदेश के 77 लाख किसानों को मिलेगा।
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में पात्र किसान को प्रति वर्ष 6000 रुपये की राशि तीन समान किश्तों में दी जाती है। मुख्यमंत्री श्री चौहान के निर्णय अनुसार इन्ही पात्र किसानों को मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के तहत वर्ष भर में 4 हजार रुपये की राशि अतिरिक्त रुप से दी जायेगी। योजना के तहत वित्तीय वर्ष में दो समान किश्तों में 4 हजार रुपये का भुगतान पात्र किसानों को किया जायेगा। जिसकी प्रथम किश्त का भुगतान 1 अप्रैस से 31 अगस्त तक तथा द्वितीय किश्त का भुगतान 1 सितम्बर से 31 मार्च के बीच किया जायेगा।
पीएम किसान सम्मान निधि योजना के लिये निर्धारित पात्रता शर्तें ही मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के लिये भी लागू होंगी। मुख्यमंत्री किसान कल्याण योजना के शुभारंभ अवसर के जिलास्तरीय कार्यक्रम में विधायक संदीप जायसवाल, कलेक्टर शशिभूषण सिंह, जिला पंचायत उप प्रधान अशोक विश्वकर्मा, पूर्व महापौर शशांक श्रीवास्तव, अशोक द्विवेदी सहित विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।

