मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 33 जिलों की 12960 ग्रामीण सड़कों का किया लोकार्पण
कटनी जिले की 572 सीसी और 85 ग्रेवल ग्रामीण सड़क शामिल
कटनी – मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को कोरोना संक्रमण काल में प्रदेशभर में 33 जिलों की 4120 किलोमीटर लंबाई की नवनिर्मित 12 हजार 960 ग्रामीण सड़कों का वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से वर्चुअल लोकार्पण किया। इन सड़कों में कटनी जिले की मनरेगा योजना से नवनिर्मित 572 सीसी सड़क और 85 ग्रेवल ग्रामीण सड़कें शामिल हैं। कलेक्ट्रेट एनआईसी कक्ष में मुख्यमंत्री श्री चौहान और ग्रामीण विकास राज्य मंत्री श्री रामखेलावन पटेल के संबोधन का सीधा प्रसारण देखा गया। इस मौके पर कलेक्टर शशिभूषण सिंह, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत गौरव पुष्प, महाप्रबंधक प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क रत्नाकर चतुर्वेदी, लेखा अधिकारी अशुतोष खरे, सहायक परियोजना अधिकारी अजीत सिंह सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रधान भी उपस्थित थे।
महात्मा गांधी ग्रामीण रोजगार गारंटी एवं प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से नवनिर्मित ग्रामीण सड़कों के लोकार्पण के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रिमोट के माध्यम से 33 जिलों में 1359 करोड़ लागत से नवनिर्मित 4120 किलोमीटर लम्बाई की 12 हजार 960 ग्रामीण सड़कों का वर्चुअल लोकार्पण किया। इस कार्यक्रम को जिला, विकासखण्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर वेबकास्टिंग के माध्यम से देखा और सुना गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुये मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि सड़कों के निर्माण से आम लोगों की जिन्दगी बदलती है और ग्रामीण क्षेत्रों के विकास के आयाम खुलते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों के विकास और जनकल्याण के कार्यों में धन की कोई कमी नहीं आने दी जायेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ग्रामीण सड़कों के साथ ही ग्रामीण आवास निर्माण कार्य में भी गति लाकर तीन वर्ष के भीतर सभी हितग्राहियों को पक्के आवास मुहैया करा दिये जायेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रतलाम जिले के पलसौंड़ा ग्राम पंचायत के प्रधान कैलाश चन्द्र राठौर, नरसिंह पुर जिले के खलुरी के प्रधान राजेन्द्र और बैतूल जिले की शोभापुर ग्राम पंचायत प्रधान सेवंती बाई से सीधी बातचीत कर ग्राम विकास के कार्यों की जानकारी ली।
मुख्यमंत्री श्री चौहान द्वारा किये गये ग्रामीण सड़कों के लोकार्पण और भूमिपूजन कार्यक्रम में कटनी जिले में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की 16 करोड़ की 5 ग्रामीण सड़कों तथा 2 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत के दो ब्रिज का भी लोकार्पण हुआ है। इसके साथ ही 90 करोड़ लागत की 149 किलोमीटर लम्बाई की 16 ग्रामीण सड़कों का भूमिपूजन भी हुआ है।

