ग्रेवल सड़क से हथकुरी की राह हुई आसान
प्रेजेन्टेशन में शामिल हुई कटनी की ग्रामीण सड़क
कटनी – कटनी जिले के रीठी विकासखण्ड में इमलिया मोड़ से हथकुरी जाने वाली मुख्य सड़क को जोड़कर बनाई गई 1200 मीटर ग्रेवल ग्रामीण सड़क से मथनिया टोला के निवासियों और हाई स्कूल हथकुरी में पढ़ने वाले विद्यार्थियों की राह अब आसान हो गई है।
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा गुरुवार को मनरेगा और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क से प्रदेश के 33 जिलों में नवनिर्मित ग्रामीण सड़कों के लोकार्पण में कटनी जिले की यह ग्रामीण सड़क भी शामिल है। राज्य स्तरीय कार्यक्रम के प्रेजेन्टेशन में कटनी जिले की यह ग्रेवल ग्रामीण सड़क मुख्य पृष्ठ पर प्रदर्शित हुई। रीठी विकासखण्ड की ग्राम पंचायत हथकुरी की प्रधान स्नेहलता जैन बताती हैं कि हथकुरी पंचायत में मथनिया टोला में रहने वाले ग्रामीण जन और हथकुरी हाई स्कूल में पढ़ने आने वाले छात्रों को आवागमन में अत्यन्त असुविधा होती थी। ग्रामीणों को अपनी साईकल कन्धे पर उठाकर चलना पड़ता था। इसके अलावा शांति धाम तक पहुंचने की भी सुविधा नहीं थी।
कोरोना संक्रमण काल के दौरान बड़ी संख्या में वापस आये अप्रवासी मजदूरों और स्थानीय मजदूरों को रोजगार भी देना था। लिहाजा ग्राम पंचायत ने सर्वसम्मति से निर्णय लेकर 1200 मीटर लम्बाई के मार्ग गुरैया बाबा से मथनिया टोला और हाई स्कूल हथकुरी तक जोड़कर ग्रेवल सड़क बनाने का कार्य प्रारंभ किया। कोविड काल में इस सड़क के निर्माण से 170 जॉबकार्ड धारियों को रोजगार मिला और श्रमिकों को 3 लाख रुपये की मजदूरी का भुगतान किया गया। लगभग 12 लाख 64 हजार रुपये की लागत की इस सड़क के निर्माण में 2200 मानव दिवस का रोजगार अर्जित किया गया है। हथकुरी में इस सड़क के निर्मित होने से मथनिया टोला के निवासियों और हाई स्कूल हथकुरी में पढ़ने वाले छात्र-छात्राओं सहित ग्रामीणों का आवागमन सुलभ हुआ है। वहीं शांति धाम तक पहुंचने की सुविधा भी उपलब्ध हुई है।

