पोषण माह की गतिविधियों में कटनी जिला टॉप पर
कटनी – महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा प्रतिवर्ष सितम्बर माह को राष्ट्रीय पोषण माह के रुप में मनाया जाता है। जिसमें 1 सितम्बर से 30 सित्मबर तक की अवधि में महिलाओं, किशोरी बालिकाओं एवं बच्चों के लिये विविध पोषण गतिविधियों का आयोजन कर जनान्दोलन का रुप दिया जाता है। राष्ट्रीय पोषण माह के दौरान कटनी जिले में कलेक्टर शशिभूषण सिंह के मार्गदर्शन में जिले से लेकर आंगनबाड़ी स्तर तक आयोजित पोषण गतिविधियों और पोषण को जनान्दोलन का स्वरुप देने के प्रयासों में कटनी जिला पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा है।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास विभाग नयन सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय पोषण माह के शुभारंभ में जिलास्तर से लेकर आंगनबाड़ी केन्द्र स्तर तक की पोषण कार्ययोजना का अनुमोदन लिया जाकर समुदाय और समाज की सहभागिता के लिये अंगीकार किया गया। जिले की समस्त 1712 आंगनबाड़ी केन्द्रों के चिन्हित 2187 अतिकम वजन के बच्चों को दुग्ध वितरण प्रतिदिन प्रारंभ कराया गया। आंगनबाड़ी केन्द्रों में समुदाय की सक्रिय सहभागिता से प्रतिदिन पोषण और जागरुकता के लिये विविध कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। सबसे अनूठी बात यह रही कि राष्ट्रीय पोषण माह के समापन अवसर पर सभी 1712 आंगनबाड़ी केन्द्रों में चिन्हित 2187 अतिकम वजन के बच्चों को एक ही दिवस में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, शासकीय सेवकों तथा स्थानीय वरिष्ठ, प्रतिष्ठित व्यक्तियों द्वारा गोद लेकर उनके पोषण की जिम्मेदारी उठाई। राष्ट्रीय पोषण माह की सम्पूर्ण गतिविधियों और जन आन्दोलन बनाने के प्रयासों, ऑनलाईन फीडिंग में भारत सरकार की साईट में कटनी जिले का नाम पूरे प्रदेश में अव्वल रहा है।

