महिला सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों पर वेबीनार का हुआ आयोजन
कटनी – महिला एवं बाल विकास विभाग कटनी द्वारा अर्न्तराष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ अन्तर्गत 9 से 12 अक्टूबर 2020 तक स्वागतम नंदिनी का आयोजन किया जा रहा है। बालिकाओं की शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषणा, सुरक्षा एवं विकास के समान अवसरों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से स्वागतम नंदिनी उत्सव के प्रथम दिवस शुक्रवार को बालिका सुरक्षा एवं कानूनी अधिकारों के विषय पर वेबीनार का आयोजन किया गया।
वेबीनार के मुख्य वक्ता अतिरिक्त जिला न्यायाधीश एवं सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कटनी संजय कस्तवार द्वारा बालिका के जन्म से लेकर वृद्ध अवस्था तक उनके कल्याण, सुरक्षा एवं संरक्षण हेतु निर्मित कानूनों के विषय में विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा महिलाओं को प्रदाय की जाने वाली विभिन्न प्रकार की सेवायें यथा विधिक सहायता, परामर्श एवं पीडि़त प्रतिकर योजना के बारे में भी बताया गया। उन्होने महिला अपराधों के मूल कारणों पर प्रकाश डालते हुये विधिक जागरुकता के माध्यम से सामाजिक परिवर्तनों पर जोर दिया। उन्होने घर, कर्तव्यस्थल पर महिलाओं को उपलब्ध विभिन्न कानूनी अधिकारों के बारे में भी बताया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग नयन सिंह द्वारा वर्तमान संदर्भ में बालिका सुरक्षा एवं स्वागतम नंदिनी उत्सव अन्तर्गत विभागीय आयोजनों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होने महिला अधिकार एवं महिला सुरक्षा संबंधी जागरुकता को जनसामान्य तक पहुंचाने की विभागीय अमले से अपील की। इस दौरान सहायक संचालक वनश्री कुर्वेति ने पाक्सो अधिनियम 2012, महिला हेल्पलाईन 181, चाईल्ड लाईन 1098 एवं बाल संरक्षण से जुड़े विभिन्न बिन्दुओं पर चर्चा की। उन्होने कोविड अवधि में ऑनलाईन बाल लैंगिक उत्पीड़न के बढ़ते मामलों में प्रकाश डालते हुये बचाव के उपायों के बारे में जानकारी दी। वेबीनार में परियोजना अधिकारी, पर्यवेक्षक तथा बड़ी संख्या में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सम्मिलित हुये।

