त्यौहार के मौके पर कानून और व्यवस्था चाक चौबंद रखें – कलेक्टर

राजस्व अधिकारियों की बैठक सम्पन्न

कटनी  कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने आगामी त्यौहारों और धार्मिक आयोजनों के मद्धेनजर अपने-अपने क्षेत्र में कानून और व्यवस्था की स्थिति चाक चौबंद रखने के निर्देश राजस्व अधिकारियों को दिये हैं। साथ ही शीतकाल और त्यौहारों के दृष्टिगत कोविड-19 संक्रमण से बचाव और जनजागरुकता के लिये विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिये हैं। शनिवार को जिले के राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर ने धान उपार्जन, कानून और व्यवस्था, गरीब कल्याण रोजगार अभियान, आरसीएमएस सहित राजस्व प्रकरणों के निराकरण और राजस्व वसूली की समीक्षा की। इस अवसर पर अपर कलेक्टर जगदीश चन्द्र गोमे, एसडीएम बलबीर रमन, सपना त्रिपाठी, प्रिया चन्द्रावत, डिप्टी कलेक्टर नदीमा शीरी संघमित्रा गौतम, जिला आपूर्ति अधिकारी पी0के0 श्रीवास्तव, तहसीलदार संदीप श्रीवास्तव, महेन्द्र पटेल सहित सभी नायब तहसीलदार और अधीक्षक भू-अभिलेख मायाराम कोल भी उपस्थित थे।

            वन नेशन-वन राशन कार्ड के अन्तर्गत राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा के सभी पात्र हितग्राहियों की आधार सीडिंग कार्य की समीक्षा करते हुये कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में 97 प्रतिशत कार्य हो चुका है। शेष आधार विहीन 14110 सदस्यों के आधार तैयार कराकर शत-प्रतिशत आधार सीडिंग 2-3 दिवस में पूरी करें। धान उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा में कलेक्टर श्री सिंह ने राजस्व अधिकारियों से पंजीकृत सिकमी किसान और 5 से 10 हैक्टेयर रकबे वाले किसानों का भौतिक सत्यापन करने के निर्देश भी दिये। उन्होने कहा कि धान का रकबा बढ़ने और खरीदी के लक्ष्य बढ़ने के फलस्वरुप धान के भण्डारण की समुचित व्यवस्थायें अभी से पूर्ण कर लें।

            जिला आपूर्ति अधिकारी श्रीवास्तव ने बताया कि धान उपार्जन के लिये गतवर्ष 36029 किसान पंजीकृत हुये थे। इस बार अब तक 42 हजार 740 किसानों द्वारा पंजीयन कराया जा चुका है। किसानों का पंजीयन 15 अक्टूबर तक किया जायेगा। पिछले वर्ष धान के रकबे एक लाख 72 हजार हैक्टेयर की तुलना में इस बार एक लाख 94 हजार हैक्टेयर में धान की फसल ली गई है। जिसमें धान के रकबे में 13 प्रतिशत अर्थात 86086 हैक्टेयर की वृद्धि हुई है। अब तक 13876 नये किसानों ने अपना पंजीयन कराया है। गतवर्ष 61 खरीदी केन्द्रों के माध्यम से 2 लाख 58 हजार एमटी धान का उपार्जन हुआ था। चालू वर्ष में 3 लाख 25 हजार एमटी धान खरीदी का लक्ष्य रखा गया है। धान खरीदी के लिये 16 हजार 250 गठानें वारदानों की आवश्यकता होगी। जिसके 50 प्रतिशत की पूर्ति स्थानीय स्तर पर पीडीएस दुकानों और मिलर्स से प्राप्त वारदानों से की जायेगी।

            आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज और निराकृत राजस्व प्रकरणों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में निर्धारित समय सीमा का विशेष ध्यान रखें। ताकि कोई भी प्रकरण समय बाह्य सीमा में नहीं जाने पाये। आरसीएमएस पोर्टल पर माह सितम्बर तक जिले में कुल 29 हजार 49 प्रकरण दर्ज किये गये। जिनमें से 20 हजार 159 प्रकरणों का निराकरण किया गया, जोकि 69 प्रतिशत की उपलब्धि है। सीमांकन नामांतरण में 10631 दर्ज पकरणों में 7609 का निराकरण किया गया है। सीमांकन के कुल 3038 प्रकरणों में 2114 और बटवारा के दर्ज 1347 प्रकरणों में 882 का निराकरण किया गया है। राजस्व अधिकारियों ने बताया कि अविवादित नामांतरण में रजिस्ट्री के बाद आवश्यक शुल्क का चालान काश्तकार द्वारा नहीं भरने से अधिक संख्या में प्रकरण लंबित दिख रहे हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि पटवारियों के कैम्प के माध्यम से आवश्यक प्रतिपूर्ति कराकर प्रकरणों का निराकरण करायें। राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुये कलेक्टर ने संबधित शीर्षों में लक्ष्यानुसार राजस्व वसूली पूर्ण करने के निर्देश दिये। बताया गया कि विभिन्न शीर्षों में राजस्व वसूली की मांग 605.65 लाख  के विरुद्ध 90.89 लाख की वसूली हुई है। सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा में राजस्व अधिकारियों को समय सीमा में प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिये गये। तहसील स्लीमनाबाद में प्रकरणों की लंबित संख्या अधिक होने पर कलेक्टर ने शीघ्र निराकरण के निर्देश दिये। राजस्व विभाग में सीएम हेल्पलाईन के तहत कुल 741 प्रकरण लंबित हैं, जिनमें 374 प्रकरण एल-1 स्तर पर हैं।

            गरीब कल्याण रोजगार अभियान की समीक्षा में कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि योजना के सभी मानदण्डों के अनुसार निर्माण कार्यों को पूर्ण करायें। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि आगामी त्यौहारों के अवसर पर कानून और व्यवस्था बनाये रखें। सभी थानास्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित करें। शीत ऋतु और कोरोना संक्रमण के लगातार मिल रहे मरीजों के दृष्टिगत कोविड-19 के बचाव और सावधानियों का आईईसी गतिविधियों के माध्यम से जनजागरुकता बढ़ायें।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें