कोविड-19 अनुकूल व्यवहार परिवर्तन की ली गई शपथ
कटनी – राज्य शासन द्वारा कोविड-19 अनुकूल व्यवहार परिवर्तन के लिये सघन अभियान 30 नवम्बर तक चलाया जा रहा है। इस दौरान कोविड-19 संक्रमण के लक्षण एवं बचाव की रोकथाम के उपायों से आमजन को परिचित कराने प्रचार-प्रसार की उपयुक्त कार्य योजना क्रियान्वित की जा रही है। कोविड-19 अनुकूल व्यवहार परिवर्तन के सघन अभियान के तहत शनिवार को राजस्व अधिकारियों की बैठक में कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये सजग रहने की शपथ दिलाई। इस मौके पर अपर कलेक्टर जगदीश चन्द्र गोमे भी उपस्थित रहे।
हस्ताक्षर अभियान प्रारंभ
जिले में कोविड-19 अनुकूल व्यवहार परिवर्तन के लिये सघन अभियान के तहत निर्धारित शपथ पत्र में हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ शनिवार को किया गया। कलेक्ट्रेट कार्यालय परिसर में शपथ हस्ताक्षर बोर्ड पर कलेक्टर शशिभूषण सिंह, अपर कलेक्टर जगदीश चन्द्र गोमे, एसडीएम बलबीर रमन, सपना त्रिपाठी, प्रिया चन्द्रावत, डिप्टी कलेक्टर नदीमा शीरी, संघमित्रा गौतम सहित जिले के तहसीलदार, नायब तहसीलदार एवं कलेक्ट्रेट के कर्मचारियों ने शपथ पत्र पर हस्ताक्षर किये।
नायब तहसीलदार के निधन पर शोक व्यक्त
शनिवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर शशिभूषण सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न राजस्व अधिकारियों की बैठक में बड़वारा तहसील में पदस्थ रहे नायब तहसीलदार मोती सिंह परते के असामयिक निधन पर राजस्व अधिकारियों ने दो मिनट का मौन रखकर उन्हें अपनी श्रद्धांजलि दी। नायब तहसीलदार श्री परते द्वारा कोरोना वायरस संक्रमण काल के दौरान निभाये गये कर्तव्यों का स्मरण भी किया गया।

