महिलाओं के लिए ग्राम हीरापुर कौडि़या में वृहद् विधिक साक्षरता शिविर हुआ आयोजित
कटनी – राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं राष्ट्रीय महिला आयोग के संयुक्त तत्वाधान में मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश/अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कटनी अचल पालीवाल के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण कटनी द्वारा आज शनिवार को ग्राम हीरापुर कौडि़या जिला कटनी में महिला सशक्तिकरण एवं वृहद् जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
उक्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि संजय कस्तवार सचिव/अतिरिक्त जिला न्यायाधीश ने अपने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण, छोटे परिवार की नीति से ही संभव है। भारत में तेजी से बढ़ती जनसंख्या और उतनी ही तेजी से घटते प्राकृतिक संसाधनों को दृष्टिगत रखते हुए समय आ गया है कि जब तक देश की राज्यकीय व्यवस्था जनसंख्या नियंत्रण के लिए कड़े कानून नहीं बनाती है, तब तक देश के नागरिकों को स्वतः एक संतान की नीति अपनानी चाहिए।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत कटनी राजेश नरेन्द्र सिंह ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत विभिन्न योजनाएं जैसे वृद्धा अवस्था पेंशन, निराशिरित पेंशन एवं प्रधान मंत्री आवास योजना का लाभ कैसे प्राप्त करें और कौन-कौन लाभांवित हो सकते है, के बारे में विस्तृत जानकारी दी।
महिला सशक्तिरण अधिकारी कटनी वनश्री कुरवैती ने घरेलू हिंसा महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास की योजनाएं के बारे में एवं चाईल्ड लाइन एवं महिलाओं को मिलने वाली काउंसलिंग एवं सुविधाओं और योजनाओं के बारे में विस्तार से बताते हुए, निःशुल्क हेल्प लाइन नंबर 181, 1090, एवं 1098 के बारे में ग्रामीण महिलाओं को जानकारी दी।
मीना सिंह बघेल द्वारा महिलाओं और संविधान अंतर्गत उनके अधिकार, पारिवारिक कानून अंतर्गत विवाह एवं तलाक, भरण-पोषण, महिलाओं को संपत्ति का अधिकार, दहेज प्रथा, ऐसिड अटैक, अपहरण, बलात्कार और यौन उत्पीड़न, क्रूरता, हिंसा यौन अपराधों से बच्चों की रोकथाम एक्ट 2012 अंतर्गत विधि की जानकारी देते हुए उपस्थित महिलाओं को जागरूक किया।
रिसोर्स पर्सन आशा सिंह चौहान ने भू्रण हत्या के बारे में विस्तार से जानकारी के साथ-साथ वरिष्ठ नागरिकों के लिए विधिक सहायता, श्रम कानून, महिलाओं और प्रजनन स्वास्थ्य अधिकार एवं कैदी महिलाओं को प्रदान की जाने वाली निःशुल्क विधिक सेवाओं के बारे में कानूनी जानकारी दी। उक्त शिविर में ग्रामीण क्षेत्र की 100 महिलाएं उपस्थित हुई। कार्यक्रम स्थल के प्रवेश द्वार पर सभी प्रतिभागियों की थर्मल स्क्रीनिंग एवं सेनेटाईजेशन कराया गया। सभी भाग लेने वाली महिलाओं को पेन, राईटिंग पेड एवं योजनाओं के पम्पलेट वितरित किए गए। उक्त कार्यक्रम में मनीष तिवारी, बाल संरक्षण अधिकारी, ग्राम पंचायत सचिव अजय तिवारी, सरपंच हीरालाल कोल, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता मनीषा वर्मन एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पैरालीगल वालेंटियर्स मनीषा प्यासी, आराधना तिवारी, रवि नामदेव एवं जिला प्राधिकरण के कर्मचारीगण उपस्थित रहे।

