साढ़े 27 करोड़ की लागत से नवनिर्मित कन्या शिक्षा परिसर का लोकार्पण
मुख्यमंत्री ने किया 33 जिलों के 145 शैक्षिक भवनों का वर्चुअल लोकार्पण
कटनी – मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेशभर के 33 जिलों में परियोजना क्रियान्वयन इकाई लोक निर्माण विभाग द्वारा आदिम जाति कल्याण और स्कूल शिक्षा विभाग के 497 लाख रुपये लागत से नवनिर्मित 145 शैक्षिक भवनों का वर्चुअल कार्यक्रम में लोकार्पण किया। कटनी जिले के सरसवाही में 27 करोड़ 46 लाख 94 हजार रुपये लागत से नवनिर्मित विशिष्ट आवासीय विद्यालय (कन्या शिक्षा परिसर) का भी लोकार्पण हुआ। लोकार्पण कार्यक्रम में सरसवाही के नवनिर्मित कन्या शिक्षा परिसर में आयोजित समारोह में कलेक्टर शशिभूषण सिंह, जनपद अध्यक्ष कन्हैया तिवारी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अशोक विश्वकर्मा, सांसद प्रतिनिधि पद्मेश गौतम, विकास द्विवेदी, नितिन पाण्डे, सरपंच एवं जिला संयोजक नदीमा शीरी, एसडीएम बलबीर रमन, सीएसपी एस0के0 शुक्ला, प्राचार्य श्री त्रिपाठी भी उपस्थित रहे।
आदिम जाति कल्याण और स्कूल शिक्षा विभाग के नवनिर्मित शैक्षिक भवनों के लोकार्पण के राज्यस्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रिमोट के माध्यम से 33 जिलों के 497 करोड़ 70 लाख रुपये की लागत के नवनिर्मित शैक्षिक भवनों का लोकार्पण किया। इन लोकार्पित भवनों में 135 करोड़ 98 लाख रुपये लागत के 129 हाई स्कूल, हायर सेकेण्डरी भवन, आदिम जाति कल्याण विभाग के 357 करोड़ से निर्मित 13 कन्या शिक्षा परिसर और 4 करोड़ 63 लाख रुपये की लागत के 3 छात्रावास भवन शामिल हैं। इस कार्यक्रम को कन्या शिक्षा परिसर के अलावा अन्य लोकार्पण कार्यक्रमों में सीधा प्रसारण के माध्यम से देखा। मुख्यमंत्री श्री चौहान और लोक निर्माण विभाग मंत्री गोपाल भार्गव के संबोधन का सीधा प्रसारण भी देखा और सुना गया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने राज्यस्तरीय कार्यक्रम से भोपाल जिले के अकबरपुर कोलार स्कूल भवन के पंचायत प्रतिनिधि और छात्रों के अभिभावक तथा उमरिया जिले के कन्या शिक्षा परिसर में पुरुषोत्तम सिंह तथा शाजापुर जिले के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय लोकार्पण कार्यक्रम कदवाला के नंदकिशोर से सीधी बातचीत की। इसके पूर्व कन्या शिक्षा परिसर सरसवाही में आयोजित लोकार्पण कार्यक्रम में कलेक्टर श्री सिंह एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने दीप प्रज्जवलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कलेक्टर श्री सिंह ने इस अवसर पर उपस्थित जनों को कोविड-19 के बचाव एवं रोकथाम के लिये सजग रहने की शपथ भी दिलाई। कार्यक्रम के अंत में कन्या शिक्षा परिसर में फलदार एवं शोभायमान पौधों का रोपण भी किया गया।

