नेहरु युवा केन्द्र की वार्षिक कार्ययोजना का अनुमोदन
जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक सम्पन्न
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह की अध्यक्षता में मंगलवार को नेहरु युवा केन्द्र की सम्पन्न जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक में नेहरु युवा केन्द्र की वार्षिक कार्ययोजना 2020-21 का अनुमोदन किया गया। इस मौके पर कोविड-19 के संक्रमण की रोकथाम, बचाव और जनजागरुकता के लिये समिति के सदस्यों से सुझाव भी लिये गये। इस मौके पर डिप्टी कलेक्टर संघमित्रा गौतम, महाप्रबंधक उद्योग अजय श्रीवास्तव, उद्योग संघ के मनीष गेई, एलडीएम उद्यम वानरा, महिला सशक्तिकरण अधिकारी वनश्री कुर्वेति, मंजुषा गौतम, नेहरु युवा केन्द्र की जिला समन्वयक कीर्तिका कुहर, महामारी विशेषज्ञ डॉ0 राखी गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्य भी उपस्थित थे।
जिला युवा सलाहकार समिति की बैठक में कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने कहा कि राज्य शासन के निर्देशानुसार कोविड-19 अनुकूल व्यवहार परिवर्तन के लिये सघन अभियान 30 नवम्बर तक चलाया जा रहा है। इस दौरान कोविड-19 संक्रमण के लक्षण एवं बचाव व रोकथाम के उपायों से आमजन को परिचित कराने प्रचार-प्रसार की उपयुक्त कार्ययोजना भी क्रियान्वित की जा रही है। अनुकूल व्यवहार परिवर्तन की जागरुकता के लिये इसे जन आन्दोलन का रुप देने वार्षिक कार्ययोजना में प्राथमिकता देने के साथ ही व्यापक प्रचार-प्रसार की गतिविधियां ली जायें। प्रचार-प्रसार की कार्ययोजना के सफल संचालन और व्यापकता के लिये समिति के सदस्यों से सुझाव भी लिये गये।
जिला युवा समन्वयक कीर्तिका कुहर ने बताया कि नेहरु युवा केन्द्र की वार्षिक कार्ययोजना में आत्म निर्भर भारत, कोविड-19 में चल रही गतिविधियों में सार्थक दखल, कोविड-19 के प्रभाव में सहयोगी सेवायें, मास्क, सैनीटाईजर के उपयोग, सामाजिक दो गज की दूरी, राहत कार्य, जिला आपदा प्रबंधन, खेलकूद, युवा जागरण, रक्तदान एवं अन्य सृजनात्मक गतिविधियों को शामिल किया गया है। वर्तमान परिदृश्य में कोविड-19 संक्रमण से बचाव, रोकथाम और जागरुकता पर विशेष फोकस रहेगा।
ली गई कोविड-19 से बचाव की शपथ
राज्य शासन द्वारा कोविड-19 अनुकूल व्यवहार परिवर्तन के लिये सघन अभियान 30 नवम्बर तक चलाया जा रहा है। इस दौरान कोविड-19 संक्रमण के लक्षण एवं बचाव की रोकथाम के उपायों से आमजन को परिचित कराने प्रचार-प्रसार की उपयुक्त कार्य योजना क्रियान्वित की जा रही है। कोविड-19 अनुकूल व्यवहार परिवर्तन के सघन अभियान के तहत कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिये जिला युवा सलाहकार समिति के सदस्यों सहित अन्य संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों को सजग रहने की शपथ दिलाई।

