धान मिलिंग का कार्य गतिपूर्वक प्रारंभ करें – कलेक्टर
राईस मिलर्स और अधिकारियों की बैठक
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने कहा कि खरीफ उपार्जन 2020-21 के दृष्टिगत धान मिलर्स पूर्व में उपार्जित धान को मिलिंग का कार्य शीघ्र प्रारंभ कर गतिपूर्वक निष्पादन करें। ताकि चालू वर्ष में उपार्जित धान के भण्डारण के लिये उपयुक्त स्थल रिक्त हो सके। मंगलवार को जिले के अनुबंधित राईस मिलर्स की बैठक में कलेक्टर ने यह निर्देश दिये। इस मौके पर जिला आपूर्ति अधिकारी पी0के0 श्रीवास्तव, महाप्रबंधक उद्योग अजय श्रीवास्तव, प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम पीयूष माली, जिला मार्कफेड अधिकारी शिखा सिंह, राईस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि जिले में बढ़े हुये धान के रकबे के दृष्टिगत इस बार खरीफ उपार्जन में 3.25 लाख एमटी धान उपार्जन का लक्ष्य रखा गया है। उत्पादन को देखते हुये खरीदी 3.40 लाख एमटी तक जा सकती है। सीजन में समर्थन मूल्य की उपार्जित धान के अलावा भी मिलर्स को धान मिलने की संभावना है। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि पिछले साल का उपार्जित 2.58 लाख धान में से 1.95 लाख एमटी धान की मिलिंग कर कस्टम का चावल वापस करने 56 राईस मिलों से अनुबंध किया गया था। जिसके विरुद्ध अब तक मिलर्स द्वारा 91 हजार मीट्रिक टन चावल ही जमा किया गया है। शेष धान की मिलिंग शीघ्र पूर्ण कर चावल जमा करायें।
कलेक्टर श्री सिंह ने इसी प्रकार मिलर्स द्वारा मानक गुणवत्ता नहीं होने पर बीआरएल 3600 एमटी चावल अपग्रेड कर वापस करना था, जिसके विरुद्ध 1700 एमटी चावल ही अपग्रेड कर वापस किया गया है। शेष मात्रा का चावल अपग्रेड कर जमा करायें।
कलेक्टर ने एफसीआई को निर्देशित किया कि एफसीआई द्वारा गतवर्ष का उपार्जित गेहूं एक लाख टन जो कैप में संग्रहित है, उसे प्रदेश के बाहर उठाव कर भेजा जाना था। एफसीआई एक सप्ताह के अन्दर इस संग्रहित मात्रा के गेहूं का उठाव प्रारंभ करें। खरीफ उपार्जन 2020 के लिये वारदानों की उपलब्धता के संबंध में चर्चा के दौरान खाद्य आपूर्ति अधिकारी ने बताया कि मिलर्स से 7420 गठाने सिंगल यूज वारदाने की प्राप्ति की जानी है। मिलर्स ने बैठक में आश्वस्त किया कि जिले में वारदाने की सुगम आपूर्ति की जायेगी और 7420 गठानें वारदानें से कहीं अधिक वारदाने मिलर्स द्वारा उपलब्ध करा दिये जायेंगे।
कलेक्टर श्री सिंह ने धान मिलिंग कार्य में मिलर्स को आने वाली समस्याओं की जानकारी लेकर अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिये। उन्होने कहा कि मिलर्स धान मिलिंग की गति बढ़ायें, उनका आवश्यक सहयोग अधिकारियों द्वारा किया जायेगा। कलेक्टर श्री सिंह ने क्वालिटी कन्ट्रोल के लिये कटनी जिले में अलग से अधिकारी की नियुक्ति के लिये प्रस्ताव भेजने और जिला आपूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में नागरिक आपूर्ति निगम और एफसीआई के अधिकारियों की संतुष्टिपूर्ण जांच के लिये टीम भी बनाने के निर्देश दिये।

