मनरेगा से करें शासकीय उद्यान नर्सरी का विकास – कमिश्नर


संभागस्तरीय समीक्षा बैठक में दिये निर्देश

कटनी –

कमिश्नर जबलपुर बी0 चन्द्रशेखर ने संभाग के जिलों मंे स्थित उद्यानिकी विभाग की शासकीय नर्सरियों को मनरेगा योजना के माध्यम से विकसित करने के निर्देश दिये हैं। बुधवार को कमिश्नर ने वीडियो कॉन्फ्रेन्सिंग के माध्यम से संभाग के जिलों में कृषि उत्पादन आयुक्त की समीक्षा बैठक के निर्देशों के अनुपालन की कार्यवाही, कोविड-19 सैम्पलिंग एवं उपचार सेवायें तथा खरीफ फसल उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा की। कटनी कलेक्ट्रेट स्थित एनआईसी के वीडियो कॉनफ्रेन्सिंग कक्ष में कलेक्टर शशिभूषण सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ0 प्रदीप मुडि़या, सिविल सर्जन डॉ0 यशवंत वर्मा, उप संचालक कृषि ए0के0 राठौर, परियोजना अधिकारी उद्यानिकी सूर्यभान सिंह, सहायक आपूर्ति के0एस0 भदौरिया भी उपस्थित थे।

कमिश्नर श्री चन्द्रशेखर ने जिलावार कोविड-19 के जांच सैम्पलिंग, आईसीयू बैड एवं कोविड वार्ड, ऑक्सीजन की उपलब्धता और कोविड-19 से बचाव के लिये जागरुकता के लिये चलाये जा रहे अनुकूल व्यवहार परिवर्तन अभियान की जानकारी ली। सिवनी और कटनी जिले में साप्ताहिक अनुपात में जांच सैम्पलिंग अपेक्षाकृत कम पाये जाने पर इसे बढ़ाने के निर्देश दिये।

एग्रीकल्चर इन्फ्रास्ट्रक्चर फण्ड योजना के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुये कमिश्नर ने कहा कि संभाग के जिलों में इस योजना के तहत कार्य किये जाने की विपुल संभावनायें मौजूद हैं। योजना में युवा उद्यमियों और कृषकों को प्रोत्साहित कर योजना का लाभ उठाने प्रेरित करें। उन्होने कहा कि उद्यानिकी विभाग की नर्सरियों को कार्ययोजना बनाकर स्वसहायता समूहों के माध्यम से मनरेगा योजना से विकसित करायें। उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा में कमिश्नर ने कहा कि उपार्जित खरीफ फसल के भण्डारण के लिये आवश्यक स्पेस तैयार करें और मनरेगा से जनपदस्तर पर बन रहे ओपेन कैप का काम भी शीघ्र पूर्ण करायें।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें