आदर्श ग्राम बण्डा की दो कला मण्डली को मिले वाद्य यंत्र
( कटनी )
कटनी जिले के सांसद आदर्श ग्राम बण्डा की दो कला मंडलियों को कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने वाद्य यंत्रों के सैट प्रदान किये। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे, सरपंच ग्राम बण्डा गणेश प्रसाद सोनी भी उपस्थित थे। बुधवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय पहुंचे ग्राम बण्डा के महिला कला मण्डली जयलक्ष्मी महिला मण्डल की अध्यक्ष रोशनी देवी और सचिव मिथलेश तथा शारदा भजन मण्डली की अध्यक्ष सुमित्रा और सचिव उमा को कलेक्टर श्री सिंह ने हारमोनियम, ढ़ोलक, खंजनी, मंजीरा और ढ़पली वाद्ययंत्र के एक-एक सैट प्रदान किये। कला मण्डली की महिला सदस्यों ने कलेक्टर से वाद्य यंत्रों का सैट प्राप्त कर संगीतमयी भजन भी सुनाया। कला मण्डलियों की महिलाओं की मांग पर कलेक्टर श्री सिंह ने सरपंच को एक-एक दरी और एक स्पीकर सैट की व्यवस्था भी करने के निर्देश दिये। उन्होने बताया कि बण्डा में सामुदायिक और मांगलिक कार्यों के लिये 250 व्यक्तियों की क्षमता का वृहद् सामुदायिक भवन और सामुदायिक स्वच्छता परिसर का निर्माण भी स्वीकृत कर दिया गया है।

