कलेक्टर ने ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण कर देखी उन्नत खेती और उद्यानिकी

निर्माण कार्यों एवं योजनाओं के क्रियान्वयन का लिया जायजा

कटनी – ग्रामीण क्षेत्र के भ्रमण पर निकले कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने शनिवार को बड़वारा, बरही और विजयराघवगढ़ क्षेत्र के भ्रमण के दौरान उन्नतशील किसानों द्वारा की जा रही फसलों की खेती और उद्यानिकी कार्यों का अवलोकन किया। भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने ग्रामीण क्षेत्रों में निर्माण कार्यों की स्थिति और मैदानीस्तर पर शासकीय योजनाओं एवं कार्यक्रमों के क्रियान्वयन का जायजा भी लिया। इस मौके पर उप संचालक ए0के0 राठौर, परियोजना अधिकारी उद्यानिकी सूर्यभान सिंह, कार्यपालन यंत्री एम0एस0 ठाकुर भी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री सिंह ने मझगवां के उन्नतशील कृषक 81 वर्षीय अट्ठी लाल कुशवाहा द्वारा की जा रही जैविक और उन्नत पद्धति से सब्जी और फसलों की खेती का अवलोकन किया। उन्होने कृषक द्वारा लगभग 7 एकड़ भूमि में लगाई गई विभिन्न प्रकार की सब्जियों की फसल तथा शेडनेट हाउस में ली जा रही गोभी की फसल का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने ग्राम अमाड़ी में उन्नतशील कृषक मनु नारला द्वारा उन्नत पद्धति से ली जा रही केला, पपीता और बासमती धान की फसल का अवलोकन किया। कृषक मनु नारला ने बताया कि पारम्परिक बासमती धान के अलावा बादशाह भोग की किस्म भी लगाई है। हाईब्रिड बासमती धान लगभग 50 क्विंटल प्रति एकड़ तक का उत्पादन प्राप्त करते हैं और इस बार उनके द्वारा ली जा रही बासमती चावल की किस्म बादशाह भोग की धान 11 हजार रुपये क्विंटल के मान से एडवांस विक्रय भी हो चुकी है। किसान ने पपीते के अलावा विभिन्न किस्मों जी-19, अमृतपाणी और शकरकेला, टिशूकल्चर के केले भी लगाये हैं। कलेक्टर ने ग्राम बसाड़ी में किसान विजय मिश्रा द्वारा 11 एकड़ क्षेत्र में ली जा रही उद्यानिकी फसल आम और नींबू की खेती का भी निरीक्षण किया। कलेक्टर श्री सिंह ने किसान को धान के फसल कटे खेतों में डण्ठल और नरवाई में आग नहीं लगाने की समझाईश दी। उन्होने कहा कि जिले में खेतों में नरवाई जलाने पर सख्त प्रतिबंध लगाया गया है। इसमें दण्ड का भी प्रावधान है। खेतों में नरवाई जलाने से मृदा की उर्वरा शक्ति नष्ट होती है और इससे जानमाल का नुकसान भी होता है। खेतों की नरवाई को गहरी जुताई से मिट्टी में ही नष्ट करें।

7 किसानों को बांटे मसूर बीज किट

कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने ग्रामीण क्षेत्र के भ्रमण के दौरान मझगवां के हाटबाजार में 7 किसानों को कृषि विभाग की ओर से 4 किलोग्राम बीज के मसूर किट वितरित किये। इस मौके पर मझगवां के किसान भगवत प्रसाद, संतोष कुमार, रज्जन, सुरेश कुशवाहा, शिवकुमार, हीरालाल और सियालाल को मसूर बीज किट का वितरण करते हुये कलेक्टर ने पारम्परिक फसलों के अलावा अच्छी आय के लिये दलहन और तिलहन की फसल भी बोने की सलाह दी।

बिचुपरा में देखी कपास की खेती

बरही क्षेत्र के भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने जिले में नवाचार के रुप में ली जा रही कपास की खेती का भी अवलोकन किया। हरियाणा के किसान राजबीर द्वारा ग्राम बिचपुरा में जमीन खरीदकर लगभग 22 एकड़ में कपास की फसल ली जा रही है। कपास की 007 किस्म लागई है, जो तैयार अवस्था में है। किसान ने बताया कि यहां तैयार हुई कपास की फसल हरियाणा ले जाकर विक्रय करते हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने कपास की सिंचाई के लिये ड्रिप सिस्टम अपनाने की सलाह दी।

बरही में स्टेडियम के लिये देखी जगह

कलेक्टर श्री सिंह ने बरही के भ्रमण के दौरान वहां बनने वाले इनडोर एवं ओपेन स्टेडियम के लिये चयनित साईट का भी निरीक्षण किया। कार्यपालन यंत्री आरईएस ने बताया कि बरही में 1 करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से इनडोर स्टेडियम और 1 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से ओपेन स्टेडियम बनाया जाना है। स्थल निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने दोनो स्टेडियम का निर्माण शीध्र प्रारंभ करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर श्री सिंह ने खितौली पहुंचकर वहां डेम के पास 1 करोड़ 18 लाख रुपये की लागत से बनाये जा रहे ओपन स्टेडियम का निरीक्षण किया। निर्माणाधीन स्टेडियम में बैडमिंटन, बॉलीबॉल कोर्ट, रनिंग ट्रेक्स, जिम, ड्रेसिंग रुम सहित सभी सुविधायें उपलब्ध होंगी। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्माणाधीन स्टेडियम का निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ मार्च 2021 तक पूर्ण करने के निर्देश दिये। इस मौके पर एसडीएम प्रिया चन्द्रावत, तहसीलदार सच्चिदानंद त्रिपाठी भी उपस्थित थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें