जिले में 30 नवम्बर तक जारी रहेगी अनुकूल व्यवहार परिवर्तन की गतिविधियां

कलेक्टर ने दिलाई कोरोना से बचाव की शपथ

कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह के निर्देशन में जिले में विभिन्न विभागों के सहयोग से 30 नवम्बर 2020 तक कोविड-19 से बचाव के लिये अनुकूल व्यवहार परिवर्तन सघन अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के अन्तर्गत बुधवार की प्रातः कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने कलेक्ट्रेट परिसर के उद्यान में जिला कलेक्ट्रेट एवं विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, सामाजिक स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों को कोरोना से बचाव के लिये अनुकूल व्यवहार परिवर्तन की सामूहिक शपथ दिलाई। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत एवं अपर कलेक्टर जगदीश चन्द्र गोमे, डिप्टी कलेक्टर नदीमा शीरी, संघमित्रा गौतम, महाप्रबंधक उद्योग अजय श्रीवास्तव भी उपस्थित रहे।

कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने कोरोना संक्रमण के मौजूदा खतरे के प्रति आगाह करते हुये कहा कि सावधानी में ही सुरक्षा है। कोरोना से बचने के लिये जरुरी ‘‘मास्क पहनें, हाथ धोयें, सॅनीटाईज करें और दो गज की शारीरिक दूरी भी रखे, सूत्र वाक्य का दैनिक जीवन में कड़ाई से पालन करें।’’ कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण के खतरे के बीच त्यौहार इत्यादि पर लोगों का मिलना जुलना और एकत्र होना शुरु हो गया है। विभिन्न प्रकार की गतिविधियों के बढ़ने और शीत ऋतु के आगमन से वातावरण का तापमान कम होने से वायरस के प्रसार की संभावनायें भी बढ़ रही हैं। एैसे में व्यवहार परिवर्तन की आवश्यकता को देखते हुये प्रदेश के सभी जिलों में 30 नवम्बर तक कोविड-19 अनुकूल व्यवहार परिवर्तन का सघन अभियान चलाया जा रहा है। कोरोना संक्रमण को रोकने अनुकूल व्यवहार में दूर से अभिवादन करें, किसी से हाथ नहीं मिलायें और ना ही गले मिलें, आपस में 2 गज की परस्पर दूरी बनायें। घर से बाहर निकलने पर सदैव मास्क पहनें और हाथों को साबुन पानी से धोते रहें। कोरोना से बचाव के लिये ‘‘जब तक दवाई नहीं-तब तक ढि़लाई नहीं’’, सूत्र वाक्य का पालन सख्ती से करें।

कलेक्टर श्री सिंह ने सभी अधिकारियों-कर्मचारियों से कोविड-19 से बचाव के लिये ली जा रही अनुकूल व्यवहार परिवर्तन की शपथ को दैनिक जीवन में सख्ती से अपनाने और अपने अधीनस्थ कार्यालयों में भी साप्ताहिक रुप से एकत्र होकर कोविड-19 अनुकूल व्यवहार परिवर्तन की शपथ लेने के निर्देश भी दिये।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें