खाद्य सुरक्षा के लिये चलायें सघन अभियान – कलेक्टर
समय सीमा प्रकरणों की बैठक सम्पन्न
कटनी – कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने दीपावली त्यौहार के अवसर पर मिष्ठान एवं खाद्य पदार्थों के विक्रय के प्रतिष्ठान की जांच और अमानक तथा मिलावटी वस्तुओं के विक्रय के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा का सघन अभियान चलाने के निर्देश दिये हैं। उन्होने कहा कि अवैध शराब, मिलावट और अवमानक खाद्य पदार्थों की रोकथाम के लिये सम्पूर्ण जिले में प्रभावी कार्यवाहियां निरंतर जारी रहनी चाहिये। सोमवार को समय सीमा प्रकरणों की बैठक में कलेक्टर ने यह निर्देश दिये हैं। इस मौके पर सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे में आयुक्त नगर निगम सतेन्द्र धाकरे, एसडीएम बलबीर रमन, डप्टी कलेक्टर नदीमा शीरी, संघमित्रा गौतम सहित विभाग प्रमुख अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि नगर सहित ग्राम पंचायत क्षेत्रों में अग्नि शमन की व्यवस्था दुरुस्त रखें। त्यौहार के अवसर पर गांवों में विद्युत आपूर्ति निरन्तर बनाये रखें। अवैध शराब के विक्रय और संग्रहण पर कड़ी कार्यवाही करें। आवश्यक होने पर राजस्व और पुलिस विभाग का भी सहयोग लें। वर्षों से बड़े शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण करने वालों पर प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। राजस्व, खनिज, पंजीयन, नगरीय निकाय, आबकारी और पंचायतों के राजस्व की वसूली में गति लाकर लक्ष्यानुसार राजस्व की वसूली सुनिश्चित की जाये। बिजली विभाग की ग्रामीण क्षेत्रों में ट्रान्सफार्मर बंद होने, विद्युत देयकों की विसंगतियां और विद्युत आपूर्ति की शिकायतों का निराकरण सुनिश्चित किया जाये।

धान उपार्जन की तैयारियों की समीक्षा करते हुये कलेक्टर ने कहा कि अन्य प्रदेशों से आने वाली धान के परिवहन और संग्रहण के लिये उड़नदस्ता छापामार कार्यवाही करें। 16 नवंबर से प्रारंभ हो रही धान खरीदी में इस वर्ष 3 लाख 63 हजार एमटी धान खरीदी होने का अनुमान है। भण्डारण के लिये शॉर्टफाल के लिये स्पेस सुनिश्चित करायें। जिले के निर्धारित 6 परिवहन सेक्टर में अब तक किसी ट्रान्सपोर्टर के नियुक्त नहीं हो पाने पर जिला प्रबंधक नान को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। इसी प्रकार वेयर हाउसिंग कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक को टीएल बैठक में अनुपस्थित रहने पर कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये।
प्रधानमंत्री स्वनिधि स्ट्रीट वेण्डर योजना की समीक्षा के दौरान बैंकों द्वारा लक्ष्यानुरुप प्रकरण स्वीकृति नहीं करने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। नगर निगम आयुक्त ने बताया कि 5700 प्रकरण के लक्ष्य के विरुद्ध 5819 प्रकरण बैंकों में प्रेषित किये गये हैं। जिनमें से बैंकों द्वारा 3385 प्रकरण स्वीकृत किये गये हैं। कम परफॉर्मेन्स वाले बैंक प्रबंधकों को कलेक्टर ने कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। लोक सेवा केन्द्र की सेवाओं की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने कहा कि लोक सेवा केन्द्रों में आयुष्मान कार्ड और आधार कार्ड बनाये जा रहे हैं। इन सेवाओं का व्यापक प्रचार सुनिश्चित करें और बीएमओ तथा लोक सेवा केन्द्र के संचालक सभी पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड बनवायें। बताया गया कि अब तक जिले में 13 लाख 71 हजार व्यक्तियों के आधार कार्ड बनाये जा चुके हैं।

इस सप्ताह 488 शिकायतों का हुआ निराकरण
सीएम हेल्पलाईन की समीक्षा के दौरान बताया गया कि सप्ताह के प्रारंभ में 5637 प्रकरण लंबित थे, जिनमें सप्ताह के दौरान 488 शिकायतों का निराकरण विभिन्न विभागों द्वारा किया गया है। अब सीएम हेल्पलाईन में 5149 शिकायतें शेष लंबित हैं। सौ दिवस से ऊपर की शिकायतों में 88, तीन सौ दिवस की 49 और 500 दिवस से अधिक की शिकायतों में 29 शिकायतों का निपटारा एक सप्ताह में किया गया है। कलेक्टर श्री सिंह ने सीएम हेल्पलाईन की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण प्रतिशत बढ़ाने और विभिन्न विभागों द्वारा अन-अटैण्ड 384 सीएम हेल्पलाईन प्रकरणों से संबंधित 4 एल-1 अधिकारियों पर जुर्माना लगाने के निर्देश दिये।
टॉपर्स को प्रोत्साहन, बॉटम को नोटिस
सीएम हेल्पलाईन में संतुष्टिपूर्ण प्रकरणों के निराकरण में टॉप फाईव अधिकारियों के निराकरण का प्रतिशत 70 से 84 रहने पर सीएमओ बरही अभयराज सिंह, 84 प्रतिशत संजय चौदहा नगर निगम, 78 प्रतिशत सीईओ ढीमरखेड़ा विनोद पाण्डे और सीईओ बड़वारा ज्ञानेन्द्र मिश्रा 75 प्रतिशत, पीएचई के बी.पी. चक्रवर्ती द्वारा 70.83 प्रतिशत संतुष्टिपूर्ण निराकरण होने पर टॉप फाईव अधिकारियों को प्रोत्साहित किया गया। वहीं सीएम हेेल्पलाईन में जीरो प्रतिशत संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने पर बॉटम फाईव सुमित सिन्हा जेई खिरहनी, सीईओ जनपद कटनी, बड़वारा, कनिष्ठ यंत्री एम. नंदन और स्टेनो नगर निगम नागेन्द्र पटेल को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये गये।

