सर्वेयर को हटाया, कनिष्ठ आपुर्ति अधिकारी को नोटिस


कलेक्टर ने किया धान खरीदी केन्द्रों का औचक निरीक्षण

कटनी – जिले में खरीफ विपणन वर्ष 2020-21 के तहत निर्धारित 102 धान खरीदी केन्द्रों पर समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का कार्य 16 नवंबर से विधिवत प्रारंभ हो गया है कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने गुरूवार को कृषि उपज मंडी कटनी, स्लीमनाबाद, बहोरीबंद तहसील के अनेक धान खरीदी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर जायजा लिया। इस दौरान एसडीएम बहोरीबंद रोहित सिसोनिया, जिला आपूर्ति अधिकारी पी.के. श्रीवास्तव, डीएम नान पीयूष माली, जिला प्रबंधक वेयर हाउसिंग श्री हवलदार, तहसीलदार विजय द्विवेदी भी उपस्थित थे।

कलेक्टर श्री सिंह ने सबसे पहले कृषि उपज मंडी पहरूआ में स्थापित धान खरीदी केन्द्र कटनी, क्रमांक-1 का आकस्मिक निरीक्षण किया उन्होंने ऑपरेटर से अब तक किसानों से की गई धान खरीदी और कुल पंजीकृत किसानों की जानकारी ली। केन्द्र का संचालन गंगा स्वसहायता समूह द्वारा किया जा रहा हैं खरीदी केन्द्र में दो दिनों तक लागिन आई.डी. जनरेट नहीं होने से दो किसानों की धान की तौल बकाया होने के फलस्वरूप केन्द्र में सर्वेयर उमाशंकर प्रजापति को हटाने के निर्देश कलेक्टर ने दिये। इसी प्रकार खरीदी केन्द्र के व्यवस्थित नहीं पाये जाने पर कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी को कारण बताओं नोटिस जारी करने के साथ दोनों किसानों की तौल आज ही संपन्न करने और खरीदी केन्द्र को व्यवस्थित रूप से संचालित करने के निर्देश दिये।

शिरोमणि वेयर हाउस नैगवा में हिन्दुस्तानी ग्राम समूह संगठन द्वारा संचालित तेवरी के खरीदी केन्द्र के निरीक्षण के दौरान समूह की सदस्य महिलाओं से धान खरीदी के संबंध मे जानकारी ली और उन्हें भलीभांति जिम्मेदारी पूर्वक कार्य करने के लिए हौसला भी बढ़ाया। एसडीएम रोहित सिसोनिया ने बताया कि समूह सदस्यों को धान खरीदी की प्रक्रिया का प्रशिक्षण दिया गया है। किसानों द्वारा धान की फसल लेकर आने पर एक बार पुनः समूह सदस्यों को प्रेक्टिकल ट्रेनिग दी जायेगी। कलेक्टर ने इस केन्द्र के लिए तैनात सर्वेयर दिनेश जैन को खरीदी केन्द्र में समय पर उपस्थित कराने के निर्देश दिये। भोला वेयर हाउस स्लीमनाबाद हरदुआ के खरीदी केन्द्र के निरीक्षण के दौरान बताया गया कि गुरूवार को 20 किसानों को एसएमएस किये गये हैं। केन्द्र में कुल 560 किसान पंजीकृत हैं। कलेक्टर श्री सिंह ने धान खरीदी केन्द्रों में कोविड-19 से बचाव के सभी प्रावधानों का पालन करने और धान खरीदी केन्द्रों में कोविड-19 से बचाव के सभी प्रावधानों का पालन करने और परस्पर दूरी के लिए खरीदी केन्द्र में एक मीटर की दूरी पर गोले भी बनाने के निर्देश दिये।

हरदुआ खरीदी केन्द्र पर कलेक्टर ने बड़े किसानों से रूबरू चर्चा भी की। किसान किशोरीलाल ने बताया कि उनके भतीजे प्रभात का सिकमी किसान के रूप में पंजीयन हुआ था, लेकिन सत्यापन के समय आवश्यक दस्तावेज नहीं दे पाने से सत्यापन नहीं हो सका है। कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी और तहसीलदार को किसान की समस्या का निराकरण करने के निर्देश दिये।

सारथी वेयर हाउस सिहुडी के धान खरीदी केन्द्र कारी पाथर के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने संलग्न लक्ष्मीबाई ग्राम संगठन की महिला स्वसहायता समूह सदस्यों से चर्चा कर उन्हें प्रोत्साहित किया। समूह सदस्य रोशनी ने बताया कि समिति में 385 किसान रजिस्टर्ड हैं। गुरूवार को 24 किसानों को एसएमएस किये गये हैं अब तक कोई किसान फसल बेचने नहीं आया है।

वेयर हाउस बहोरीबंद के ओपन कैंप का निरीक्षण

कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने बहोरीबंद क्षेत्र के भ्रमण के दौरान वेयर हाउस एंड लाजिस्टक कॉर्पोरेशन के बहोरीबंद स्थित ओपन कैंप का भी निरीक्षण किया। जिला प्रबंधक वेयर हाउसिंग श्री हवलदार ने बताया कि ओपन कैंप की भंडारण क्षमता 1 लाख 15 हजार एमटी की है। पूर्व की धान के उठाव होने से अधिक स्पेस मिल सकेगा। इस ओपन कैंप के लिए तीन धान खरीदी केन्द्र सिंदूरसी, बहोरीबंद और पथराड़ी को मैप किया गया है।

निर्माणाधीन ओपन कैंप और उप तहसील बाकल का निरीक्षण

कलेक्टर शशिभूषण सिंह ने वेयर हाउसिंग एंड लाजिस्टक कॉर्पोरेशन के बहोरीबंद ओपन कैंप के समीप मनरेगा से बन रहे 5 हजार एम.टी. भंडारण क्षमता के निर्माणाधीन ओपन कैंप का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कार्यपालन यंत्री आरईएस एसएस ठाकुर को गुणवत्ता के साथ ओपन कैंप का निर्माण कार्य 30 नंवबर तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर श्री सिंह ने बहोरीबंद क्षेत्र भ्रमण के दौरान बाकल में लोक निर्माण पीआईयू एजेंसी द्वारा निर्मित किये जा रहे उप तहसील बाकल के कार्यालय भवन और परिसर का भी निरीक्षण किया। उन्होंने उप तहसील कार्यालय के बाउंड्री के अंदर वृक्षारोपण भी कराने के निर्देश दिये।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें