स्वीकृति पत्रक जारी करने की कार्यवाही समय पर शीघ्रता पूर्वक करें

( कटनी ) –

कलेक्टर ने किया धान खरीदी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने शनिवार को कटनी और विजयराघवगढ़ तहसील के अनेक धान खरीदी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण कर खरीदी कार्य और केन्द्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होने खरीदी संबंधी सभी कार्यवाहियां समय पर पूर्ण करते हुये बारिश की संभावना के तहत खरीदी हुई खुली पड़ी धान तथा किसानों द्वारा लाई गई धान को तिरपाल से ढंककर सुरक्षित करने के निर्देश दिये हैं। इस मौके पर एसडीएम विजयराघवगढ़ प्रिया चन्द्रावत, तहसीलदार मुनौव्वर खान, संदीप श्रीवास्तव, महेन्द्र पटेल, सहायक आपूर्ति अधिकारी के.एस. भदौरिया, जिला प्रबंधक नान पियूष माली, वेयर हाउसिंग के श्री हवलदार भी उपस्थित रहे।

कलेक्टर श्री मिश्रा ने सबसे पहले कृषि उपज मण्डी में स्थापित धान खरीदी केन्द्र कटनी क्रमांक-1 और क्रमांक-2 का निरीक्षण किया। इन धान खरीदी केन्द्रों का संचालन महिला स्वसहायता समूहों द्वारा किया जा रहा है। कलेक्टर श्री मिश्रा ने निरीक्षण के दौरान उपस्थित महिला स्वसहायता समूह की सदस्यों से अब तक की गई खरीदी, स्वीकृति पत्रक, किसानों को भुगतान, परिवहन की मात्रा संबंधी जानकारी ली और उन्हें भलिभांति जिम्मेदारी पूर्वक धान खरीदी कार्य करने के लिये हौसला भी बढ़ाया। सर्वेयर कालीचरण शर्मा ने बताया कि केन्द्र में 17 किसानों का धान रिजेक्ट किया गया था, जिनमें से 14 किसानों की धान को अपग्रेड की कार्यवाही कर खरीदा गया है तथा 3 किसानों को खराब धान होने से वापस की गई है। कलेक्टर ने कहा कि धान खरीदी केन्द्र के संचालन के लिये मिलने वाले प्रासंगिक व्यय की राशि स्वसहायता समूहों को समय पर भुगतान करायें, ताकि उन्हें कार्य में प्रोत्साहन भी मिले।

कन्हवारा और देवराकलां धान खरीदी केन्द्र के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि शनिवार और रविवार को ऑनलाईन का कार्य नहीं होने पर तौल, स्टैकिंग, परिवहन जैसी भौतिक खरीदी प्रक्रियायें जारी रखें। उन्होने सभी खरीदी केन्द्रों में तिरपाल और वारदानों की समुचित उपलब्धता सुनिश्चित रखने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने कहा कि खरीदी हुई धान के स्वीकृति पत्रक समय पर जारी किये जायें ताकि किसानों को शीघ्र भुगतान मिल सके। खरीदी केन्द्र देवराकलां में परिवहन की गति धीमी होने पर संबंधित परिवहनकर्ता एजेन्सी तथा शनिवार के दिन खरीदी केन्द्र में ऑफलाईन तौल, स्टैकिंग एवं अन्य गतिविधियां बंद रहने पर कलेक्टर ने समिति प्रबंधक, केन्द्र प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने वेयर हाउस में स्थापित विजयराघवगढ़ खरीदी केन्द्र के निरीक्षण के दौरान पर्याप्त खुली जगह के दृष्टिगत मनरेगा से ओपेन कैप निर्माण का प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश सीईओ जनपद पंचायत को दिये। कलेक्टर श्री मिश्रा ने अधिकारियों को स्पष्ट रुप से निर्देशित किया है कि खरीदी केन्द्रों में किसानों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिये। उन्होने एसडीएम और तहसीलदारों को धान खरीदी केन्द्रों की रेण्डमली जांच और क्षेत्र भ्रमण करने के निर्देश भी दिये। उन्होने धान खरीदी केन्द्रों में कोविड-19 से बचाव के प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिये।

कलेक्टर ने की किसानों से चर्चा

कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने धान खरीदी केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान उपस्थित किसानों से रुबरु चर्चा कर धान खरीदी केन्द्रों की व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। देवराकलां के किसान राजेश ने कलेक्टर को बताया कि थ्रेसर और पंखी से धान साफ कर 70 बोरी धान खरीदी केन्द्र लेकर आये हैं। उन्हें किसी भी प्रकार की कोई समस्या खरीदी के दौरान नहीं आई है।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें