कलेक्टर विकास मिश्रा का जनपद पंचायत सीधी एवं एसडीएम कार्यालय गोपद बनास का आकस्मिक निरीक्षण

रिकॉर्ड संधारण में सुधार और लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के दिए निर्देश

(सीधी) कलेक्टर विकास मिश्रा ने जनपद पंचायत सीधी एवं अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय गोपद बनास का आकस्मिक निरीक्षण कर कार्यालयीन व्यवस्थाओं एवं कार्यप्रणाली की समीक्षा की।

जनपद पंचायत सीधी के निरीक्षण के दौरान अभिलेख संधारण में कमियां पाए जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने सभी योजनाओं से संबंधित अभिलेखों का व्यवस्थित संधारण सुनिश्चित करने, शासन के दिशा-निर्देशों की गार्ड फाइल संधारित करने तथा फील्ड अधिकारियों को नियमित भ्रमण कर निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। निरीक्षण प्रतिवेदन प्रस्तुत नहीं किए जाने पर प्रभारी खंड पंचायत अधिकारी को कारण बताओ सूचना पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए गए।

अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय गोपद बनास में राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने दो वर्ष से अधिक समय से लंबित प्रकरणों पर असंतोष व्यक्त किया। उन्होंने ऐसे सभी लंबित प्रकरणों का आगामी तीन माह में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही भू-अर्जन एवं अवार्ड संबंधी मामलों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा न्यायालय कक्ष में अग्निशमन यंत्र स्थापित करने के निर्देश भी दिए।

कलेक्टर ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप सभी कार्यालयों में पारदर्शिता, जवाबदेही और समयबद्ध कार्य संस्कृति सुनिश्चित की जाए तथा आमजन से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जाए।

निरीक्षण के दौरान उपखंड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत चंदूलाल पनिका सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें