कलेक्टर श्री सिंह ने की समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा

विकास और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता से निपटाने के दिए निर्देश

(जबलपुर) कलेक्टर श्री राघवेन्द्र सिंह की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में समय सीमा प्रकरणों की समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में नगर निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार और संयुक्त कलेक्टर ऋषभ जैन सहित सभी संबंधित अधिकारी उपस्थित थे। कलेक्टर ने शासन की फ्लैगशिप योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा करते हुए विकास और जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर निराकृत करने के निर्देश दिए। किसानों के हित में बड़ा फैसला लेते हुए उन्होंने सभी ग्रामीण एसडीएम को तीन दिनों के भीतर उड़द और मूंग की गिरदावली का कार्य शत-प्रतिशत पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि 15 जून की अंतिम तिथि से पहले किसानों का पंजीयन सुचारू रूप से हो सके। इसके साथ ही उन्होंने जिले में खाद और डीएपी की उपलब्धता एवं उठाव की भी समीक्षा की।बैठक में आगामी 12 से 18 जून के बीच प्रत्येक विकासखंड और नगरीय निकाय मुख्यालयों पर आयोजित होने वाले तीन दिवसीय ‘जनकल्याण शिविरों’ की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि इन शिविरों का मुख्य उद्देश्य केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना और आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। मॉनसून के मद्देनजर उन्होंने बाढ़ व आपदा प्रबंधन की पूर्व तैयारियों का जायजा लिया और पेयजल आपूर्ति की समीक्षा करते हुए हैंडपंपों पर किए गए निजी अतिक्रमणों को तुरंत हटाने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने 100 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों पर विशेष ध्यान देते हुए विभागवार ग्रेडिंग सुधारने की बात कही। इसके अलावा उन्होंने शहर के तालाबों का सीमांकन कर अतिक्रमण चिन्हित करने, सांदीपनि विद्यालय का निर्माण सत्र शुरू होने से पहले पूरा करने, स्कूलों में प्रवेश उत्सव की तैयारियां करने और पात्रता पर्ची, संबल योजना व समग्र आईडी के लंबित आवेदनों का त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक में नजूल पट्टों के नवीनीकरण, कृषि उपज भुगतान की शिकायतों और पटाखा फैक्ट्रियों की जांच को लेकर भी आवश्यक निर्देश दिये।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें