डाइट कटनी में शैक्षिक संवाद उन्मुखीकरण का प्रथम चरण संपन्न

(कटनी) कलेक्टर श्री आशीष तिवारी के निर्देशन में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाइट) कटनी में जिला स्तरीय शैक्षिक संवाद उन्मुखीकरण कार्यक्रम का प्रथम चरण संपन्न हुआ। इसमें बहोरीबंद, ढीमरखेड़ा और विजयराघवगढ़ विकासखंड के नोडल जन शिक्षकों एवं सहजकर्ताओं ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की पहली पाली में राज्य शिक्षा केंद्र के निर्देशानुसार शैक्षिक संवाद से संबंधित विषयों पर उन्मुखीकरण दिया गया। वहीं दूसरी पाली में प्रतिभागियों और डीएलएड के विद्यार्थियों ने हांसिल वाले घटाव की प्रक्रिया पर समूह में प्रस्तुतीकरण किया। इस गतिविधि के माध्यम से प्रतिभागियों ने समझा कि विद्यार्थियों को हांसिल वाले घटाव को समझने और हल करने में किन चुनौतियों का सामना करना पड़ता है तथा इन चुनौतियों का समाधान विद्यार्थियों के सीखने के स्तर के अनुरूप किस तरह किया जा सकता है।

समूह प्रस्तुतीकरण के जरिए शिक्षण की व्यावहारिक विधियों और बच्चों की समझ विकसित करने के तरीकों पर भी चर्चा हुई। उन्मुखीकरण कार्यक्रम में डाइट प्राचार्य एमपी डुंगडुंग, प्रशिक्षण प्रभारी राजेन्द्र असाटी, शैक्षिक संवाद प्रभारी राकेश सिननरकर, निधि चतुर्वेदी एवं हेमंत सहित अन्य प्रतिभागी उपस्थित रहे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें