आयुष्मान कार्ड बनाने ग्राम पंचायत स्तर पर 24 दिसम्बर से लगेंगे शिविर

कटनी – कलेक्टर प्रियंक मिश्रा के निर्देशानुसार पूरे जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में 24 दिसम्बर से 31 दिसम्बर तक सीएससी के माध्यम से ग्राम पंचायत स्तर पर शिविर लगाकर अभियान मोड में पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान भारत कार्ड बनाये जायेंगे।

आयुष्मान भारत योजना में हितग्राही को चयनित अस्पतालों में प्रतिवर्ष प्रति परिवार 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार प्रदान करने के प्रावधान हैं। कलेक्टर श्री मिश्रा ने जिले के ग्रामीण क्षेत्रों के पात्र हितग्राहियों का शत्-प्रतिशत पंजीयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ग्रामस्तर पर शिविर आयोजित करने के निर्देश दिये हैं। इसके अलावा सभी महात्मा गांधी ग्राम सेवा केन्द्रों के माध्यम से भी कैम्प आयोजित कर सीएससी केन्द्रों के वीएलई द्वारा नियत शुल्क 30 रुपये प्राप्त कर पंजीयन किया जायेगा।

कलेक्टर ने मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायतों को निर्देशित किया है कि अपने क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में निर्धारित कैलेण्डर के अनुसार कैम्प आयोजन करें। कोविड-19 के प्रोटोकॉल का पालन करते हुये पंचायत भवन में कैम्प आयोजन की व्यवस्था तथा प्रचार-प्रसार के लिये गांव-गांव में मुनादी भी करायें। जिलास्तर से कैम्प आयोजन में सहयोग के लिये जिला प्रबंधक सीएससी अभिषेक दुबे, पूजा तिवारी और डिस्ट्रिक्ट इंचार्ज ग्राम सेवा केन्द्र प्रकाश गर्ग को भी नियुक्त किया गया है। जिलास्तर पर अभियान के समन्वय के लिये जिला प्रबंधक ई-गवर्नेन्स सौरभ नामदेव को प्रभारी बनाकर कन्ट्रोल रुम का भी गठन किया गया है। ई-दक्ष सेन्टर में स्थापित कन्ट्रोल रुम का दूरभाष 07622-220072 रहेगा।

कलेक्टर श्री मिश्रा द्वारा अभियान के तहत शिविरवार प्रतिदिन की प्रगति की समीक्षा की जायेगी। सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्र गोमे ने इस संबंध में आज बुधवार को जिले के समस्त सीईओ जनपद पंचायतों से वीसी के माध्यम से आयुष्मान भारत कार्ड बनाने के अभियान के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये।

प्रोत्साहन के लिये पुरुस्कार योजना

कलेक्टर श्री मिश्रा ने आयुष्मान भारत योजना के कार्ड बनाने के अभियान में रोजगार सहायक और सीएससी के वीएलई को प्रोत्साहन देने नकद पुरुस्कार योजना भी लान्च की है। जिले में सर्वश्रेष्ठ उपलब्धि लाने पर गणतंत्र दिवस पर संबंधित सीएससी और रोजगार सहायक को प्रथम, द्वितीय, तृतीय पुरुस्कार और प्रशस्ति पत्र से समारोह पूर्वक सम्मानित किया जायेगा। इसके अनुसार सर्वेश्रेष्ठ वीएलई और सर्वश्रेष्ठ जीआरएस को अलग-अलग पुरुस्कार के रुप में 5000 रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र, द्वितीय पुरुस्कार 3 हजार रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र तथा तृतीय पुरुस्कार के रुप में 2 हजार रुपये नकद और प्रशस्ति पत्र प्रदान किये जायेंगे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें