खरीदी केन्द्रों से धान के परिवहन की गति तेज करें – कलेक्टर
ढीमरखेड़ा क्षेत्र के धान खरीदी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण
कटनी – कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने बुधवार को ढीमरखेड़ा तहसील के अन्तर्गत अनेक धान खरीदी केन्द्रों का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होने खरीदी केन्द्रों में किसानों से चर्चा कर व्यवस्थाओं के संबंध मे ंफीडबैक लिया और केन्द्र प्रभारियों को उपार्जन केन्द्र की समुचित व्यवस्थायें दुरुस्त रखने के निर्देश भी दिये। कलेक्टर श्री मिश्रा ने कहा कि खरीदी केन्द्रों में वारदानों की समुचित उपलब्धता रखें और परिवहन की गति बढ़ायें। खरीदी केन्द्रों में किसानों को किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं होनी चाहिये। इस मौके पर एसडीएम सपना त्रिपाठी, तहसीलदार एच.एस. धुर्वे, जिला प्रबंधक नान पियूष माली, सहायक आपूर्ति अधिकारी के.एस. भदौरिया, सीईओ जनपद विनोद पाण्डे भी उपस्थित थे।
उपार्जन केन्द्रों के भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने ढीमरखेड़ा के देवरी मंगेला, टोला, पोंड़ी कला, ढीमरखेड़ा सहित अनेक खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण किया। देवरी मंगेला और टोला के खरीदी केन्द्रों में केन्द्र प्रभारियों को खराब क्वालिटी के वारदाने खरीदी केन्द्रों में भेजने के फलस्वरुप नमूने लेकर संबंधित आपूर्तिकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। समिति केन्द्र प्रभारी ने बताया कि देवरी मंगेला में 498 कृषक पंजीकृत हैं, जिनमें 101 किसानों से 7219 क्विंटल की खरीदी की गई है। कलेक्टर ने संबंधित केन्द्र प्रभारी को अधिकाधिक किसानों को मैसेज भेजने और सूचना देकर बुलाने के निर्देश दिये। खरीदी केन्द्र टोला के निरीक्षण में सिले हुये बोरों की पर्ची में किसान की पंजीकरण संख्या अनिवार्य रुप से अंकित करने के निर्देश भी दिये।

पोंड़ी कला के निरीक्षण के दौरान प्रभारी ने बताया कि बुधवार को 15000 वारदानें खरीदी केन्द्र को प्राप्त हुये हैं। खरीदी केन्द्रों में 3200 क्विंटल अर्थात 13 ट्रक धान परिवहन के लिये तैयार रखी है। ढीमरखेड़ा खरीदी केन्द्र में 3214 क्विंटल धान परिवहन के लिये तैयार पाई गई। कलेक्टर श्री मिश्रा ने ढीमरखेड़ा क्षेत्र के परिवहनकर्ता को कारण बताओ नोटिस जारी कर ट्रकों की संख्या और परिवहन की गति बढ़ाने के निर्देश दिये। उन्होने कहा कि खरीदी केन्द्रों में अधिक मात्रा में परिवहन के लिये शेष धान नहीं एकत्र होने पाये। कलेक्टर ने प्रत्येक खरीदी केन्द्र में तौल कांटे, सफाई के पंखे, किसानों की सुविधा के लिये पेयजल, छाया, अलाव आदि की गई व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।
किसानों से की चर्चा
कलेक्टर श्री मिश्रा ने खरीदी केन्द्रों के निरीक्षण के दौरान वहां उपस्थित किसानों से चर्चा कर व्यवस्थाओं के संबंध में फीडबैक लिया। छोटी पड़रिया के किसान सुशील पटैल ने बताया कि 120 क्विंटल धान लेकर आये हैं और खरीदी के दौरान उन्हें कोई समस्या नहीं आई है। टोला और ढीमरखेड़ा केन्द्र के निरीक्षण के दौरान किसानों से हुई चर्चा में व्यवस्थाओं के प्रति संतोष जताया।

