एसडीएम तथा नोडल अधिकारियों ने किया खरीदी केन्द्रों का निरीक्षण
व्यवस्थाओं का लिया जायजा, सुचारु रुप से उपार्जन के दिये निर्देश
कटनी – उपार्जन कार्य बेहतर ढंग से हो, इस दिशा में पूर्व में भी कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिये हैं। इसी कड़ी में अन्य विभागों के अधिकारियों को भी विभिन्न उपार्जन केन्द्रों के लिये नोडल अधिकारी बनाया गया था। उपार्जन कार्य अपने अंतिम पड़ाव में है, इस दौरान किसी तरह की गड़बड़ी ना हो, सुगमता से खाद्यान्न का उपार्जन हो सके, इसके लिये कलेक्टर ने सभी अधिकारियों को चौकस रुप से अपनी जिम्मेदारियों के निर्वहन के आदेश दिये हैं।

सोमवार को अनुविभागीय अधिकारियों सहित उपार्जन केन्द्रस्तर पर नियुक्त किये गये अधिकारियों ने अपने-अपने प्रभार के क्षेत्र के खरीदी केन्द्रों का भ्रमण किया। विजिट के दौरान अधिकारियों ने खरीदी केन्द्र पहुंचकर वारदानों की उपलब्धता, परिवहन की स्थिति, किसानों के भुगतान सहित अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। साथ ही उपार्जन कार्य में संलग्न अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिये।
एसडीएम कटनी बलबीर रमन ने कृषि उपज मण्डी पहरुआ में की जा रही उपार्जन की गतिविधियों का निरीक्षण किया। जहां पर कृषकों के भुगतान, निर्धारित एफएक्यू के तहत धान उपार्जन, वारदाने की स्थिति, किसानों को भुगतान की स्थिति व परिवहन के संबंध में जनकारी ली। उन्होने उपार्जन केन्द्र में बेहतर व्यवस्थायें सुनिश्चित करते हुये सुचारु रुप से उपार्जन की गतिविधियां संचालित करने के निर्देश भी अमले को दिये।

