जिले में कोरोना वैक्सीनेशन का कार्य हुआ प्रारंभ
रिबिन काटकर सफाई कर्मी अंजू ने किया शुभारंभ
अंजू को लगी कोविड-19 वैक्सीन
कोविड वैक्सीनेशन सुरक्षित, अफवाहों पर ध्यान न दें – डॉ. शर्मा
कटनी – पूरे प्रदेश के साथ ही कटनी जिले में भी कोरोना वैक्सीनेशन का कार्य प्रारंभ हो गया है। शनिवार को जिला चिकित्सालय कटनी में इसकी शुरुआत सफाईकर्मी संजू बाल्मीक ने रिबिन काटकर की। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशानुसार जिले में पहली कोरोना वैक्सीन सफाईकर्मी अंजू बाल्मीक को लगाई गई। जिसके बाद अंजू को इसका प्रमाण पत्र भी दिया गया। जिसके बाद जिले के वरिष्ठ डॉक्टर व पूर्व सिविल सर्जन तथा विगत 40 वर्षों से चिकित्सा सेवा में अनुभवी डॉक्टर एस.के. शर्मा को भी कोविड-19 का वेक्सीनेशन किया गया। इस दौरान डॉ0 शर्मा ने कहा कि कोविड-19 वैक्सीन पूर्णतः सुरक्षित है। किसी भी तरह की अफवाहों पर ध्यान न दें।
जिला चिकित्सालय के साथ ही जिले में 5 अन्य पॉईन्ट पर भी कोविड-19 के वैकसीनेशन का कार्य प्रारंभ हुआ। गौरतलब है कि जिले में प्रथम चरण में 2343 फ्रन्टलाईन वर्कर्स को वैक्सीनेशन किया जाना है। इसके लिये जिले में 16 फोकल पॉईन्ट बनाये गये हैं। 35 डीप फ्रीजर एवं 36 आईएलआर हैं। कुल 6777 हेल्थ केयर वर्कर को कोविन पोर्टल में पंजीकृत किया गया है। 427 प्रशिक्षित वैकसीनेटर के माध्यम से टीकाकरण का कार्य किया जा रहा है। 14 सुपरवाईजर प्रत्येक सेशन साईट में टीकाकरण की निगरानी कर रहे हैं। इसके अलावा संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों द्वारा भी उनके क्षेत्र अन्तर्गत आने वाले टीकाकरण केन्द्रों पर सतत् निरीक्षण व मॉनीटरिंग की कार्यवाही भी की जा रही है।

जिले में टीकाकरण के लिये 6 स्थल चिन्हित किये गये हैं, जहां पर टीकाकरण का कार्य शनिवार से प्रारंभ कर दिया गया है। इसमें जिला चिकित्सालय कटनी में दो, सिविल अस्पताल विजयराघवगढ़ में एक, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बड़वारा में एक, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र रीठी में एक और सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र उमरियापान में एक स्थल शामिल हैं।
जिले में कुल एक सप्ताह में 2343 हेल्थ केयर वर्कर्स का टीकाकरण किया जायेगा। सत्र स्तर पर 100 प्रतिदिन के मान से 600 हेल्थकेयर वर्कर्स को टीकाकरण किया जायेगा। टीकाकरण 16, 18 और 21 जनवरी को होगा। कोविड कमाण्ड सेन्टर कटनी में कन्ट्रोल रुम की स्थापना की गई है, जिसका नंबर 1075 है।

