यातायात नियम हमारी सुरक्षा के लिए हैं, उनका पालन जरूर करें- स्वास्थ्य मंत्री
( रायसेन )
सड़क सुरक्षा कार्यक्रम में शामिल हुए स्वास्थ्य मंत्री
सड़क सुरक्षा कार्यक्रम के अंतर्गत सागर रोड स्थित ग्राम अमरावद में सेमिनार, क्विज एवं नुक्कड़ नाटक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री डॉ प्रभुराम चौधरी ने सभी लोगों को हेमलेट का महत्व बताते हुए वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि वाहन चलाते समय हमें सभी नियमों का पालन करना चाहिए, यह हमारी सुरक्षा के लिए ही बनाए गए हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने क्विज में प्रश्नों के जबाव देने वाले लोगों को हेलमेट भी वितरित किए। कार्यक्रम में जिला परिवहन अधिकारी श्री अरविंद सिंह द्वारा सभी को यातायात नियमों, रोड किनारे लगे हुए साइनों की जानकारी दी गई। उन्होंने सभी लोगों से वाहन चलाते समय और रोड क्रास करते समय सावधानी बरतने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। इस अवसर पर सॉची जनपद अध्यक्ष श्री एस मुनियन, गौशाला प्रमुख ममता दुबे सहित ग्रामीण भी उपस्थित थे।

