लोकसेवा केंद्र को बेहतर बनायें अन्यथा कार्यवाही होगी – कमिश्नर श्री कियावत
( भोपाल )
कमिश्नर श्री कवींद्र कियावत ने गुरुवार को रायसेन जिले के लगभग आधा दर्जन लोकसेवा केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने इन केंद्रों पर अनेक अनियमितायें पाए जाने पर लोकसेवा केंद्र के जिला प्रबंधक को निर्देश दिए है कि एक सप्ताह में व्यवस्थाएं ठीक करें अन्यथा सख्त कार्यवाही की जाएगी।
कमिश्नर ने निर्देश दिए है कि सभी केंद्रों पर नागरिकों को दी जाने वाली सुविधाओं का बड़े बोर्ड पर प्रदर्शन करें और ली जाने वाली शुल्क भी प्रदर्शित हो। उन्होंने आगन्तुकों के लिए सुविधजनक बैठक व्यवस्था सुनिश्चित करने और तय समय पर जानकारी देने के निर्देश दिए।
श्री कियावत ने प्रत्येक केंद्र पर सी सी टी वी लगाने और उसकी लिंक सम्बंधित तहसीलदार तथा एस डी एम कार्यालय को देने के निर्देश दिए। कमिश्नर ने जिला प्रबंधक से कहा है कि वे रायसेन के सभी केंद्रों का निरीक्षण करें और व्यवस्थाएं सुधरने के बाद फोटो सहित रिपोर्ट प्रस्तुत करें।

