राजस्व की बकाया राशि वसूली के लिए अचल संपत्तियों की नीलामी एवं कुर्की की कार्रवाई की जाए – कलेक्‍टर

( गुना )

राजस्‍व अधिकारियों की बैठक में दिए निर्देश

कलेक्टर श्री कुमार पुरुषोत्तम ने जिले के राजस्व अधिकारियों को निर्देशित किया है कि वे राजस्व वसूलियों में गति लाएं और बड़े बकायेदारों से 7 दिवस में वसूली करें। उन्होंने निर्देशित किया कि ऐसे बकायदा यदि राजस्व की बकाया राशि जमा नहीं करते हैं तो उनकी अचल संपत्तियों की नीलामी की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह निर्देश आज यहां जिला कार्यालय के सभाकक्ष में राजस्व अधिकारियों की आयोजित समीक्षा बैठक में केएस ऑयल, साक्षी एवं सहारा ग्रुप पर बकाया राशि की वसूली हेतु चर्चा के दौरान दिए। के.एस.ऑयल लिमिटेड सिलावटी पर 2,36,92,908 रूपये, साक्षी कॉलेज म्‍याना ग्राम म्‍याना पर 35,23,131 तथा सहारा ग्रुप ग्राम बिलौनिया एवं बिलावड़ी पर 15,10,129 रूपये राजस्‍व बकाया है। उन्‍होंने शेष सभी बकायादारों से डायवर्सन शुल्‍क प्राप्‍त नही होने पर उनकी अचल संपत्ति 7 दिवस में कुर्क करने निर्देशित किया।
इस अवसर पर उन्होंने आर.सी.एम.एस. में किसी भी स्थिति में प्रगति 80 प्रतिशत से कम प्रदर्शित नहीं हो, के कड़े निर्देश दिए। उन्‍होंने गत माह की तुलना में इस माह 10 प्रतिशत कम प्रगति प्रदर्शित करने राजस्‍व अधिकारियों को वेतन वृद्धि रोकने का शोकाज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। समीक्षा के दौरान उन्‍होंने राजस्‍व की वसूली हेतु राजस्‍व अधिकारियों के माह फरवरी 2021 के लक्ष्‍य भी निर्धारित किए।
उन्‍होंने सार्वजनिक वितरण प्रणाली की समीक्षा के दौरान निर्देशित किया कि मुख्‍यमंत्री आर्शीवाद योजनांतर्गत रविवार 14 फरवरी को 65 वर्ष के ऊपर आयु के नि:शक्‍तजन एवं एकल परिवार के हितग्राही के निवास पर पहुंचकर सार्वजनिक वितरण प्रणाली अंतर्गत राशन प्रदाय करने समस्‍त जिला अधिकारियों एवं मुख्‍य कार्यपालन अधिकारी जनपदों को दिए। उन्‍होंने कहा कि राजस्‍व अधिकारी भ्रमण के दौरान उचित मूल्‍य दुकान का भी निरीक्षण करें। गंभीर अनियमितता पाए जाने पर एफ.आई.आर. दर्ज कराएं एवं छोटी-मोटी त्रुटियों के लिए स्‍थल आर्थिक दण्‍ड अधिरोपित करें। इसके अतिरिक्‍त जब्‍ती के मामले में शत-प्रतिशत एफ.आई.आर. दर्ज कराने उन्‍होंने कड़े निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्‍होंने चांचौड़ा अनुभाग अंतर्गत बांसाहेडा में 13 फरवरी को जनसमस्‍याओं एवं शिकायतों के निराकरण के समस्‍या निवारण शिविर आयोजित करने अनुविभागीय अधिकारी राजस्‍व चांचौड़ा श्री वीरेन्‍द्र सिंह को निर्देश दिए।
बैठक में उन्‍होंने नवीन पात्रता पर्ची वितरण 95 प्रतिशत से कम नही होने देने, रबी विपणन वर्ष 2021 में उपार्जन हेतु व्‍यवस्‍थाएं सुदृढ़ रखने एवं शिकायतों के शीघ्रनिराकरण के उद्देश्‍य से जिला स्‍तर के अधिकारियों की ड्यूटियां लगाने, अवैध उत्‍खनन के प्रकरणों में संबंधितों के विरूद्ध एफआईआर कराने, मिट्टी परिवहन करने वालों को परेशान नही करने, शासनाधीन मंदिरों में पानी, शौचालय, कचरा प्रबंधन और छाया हेतु शेड के कार्य कराए जाने के निर्देश दिए। उन्‍होंने जिले के समस्‍त राजस्‍व अधिकारियों को जनता की भलाई एवं सुविधाओं के लिए अपने अधिकारों का उपयोग करने, विभागीय कार्य के अलावा नियमित कार्य, गुणवत्‍तापूर्णं विकासीय निर्माण कार्य और जनसमस्‍याओं आदि के निराकरण के लिए योजना बनाकर कार्य करने, मिलावट से मुक्ति, शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने, कालाबाजारी रोकने, पात्र हितग्राहियों के आयुष्‍मान कार्ड बनाने तथा गलत एवं अवैध कार्य करने से लोग डरें के उद्देश्‍य से कार्य करने निर्देशित किया।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर श्री विवेक रघुवंशी, जिले के समस्त अनुविभागीय अधिकारी राजस्व, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार मौजूद रहे थे।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें