आयुष्मान भारत निरामयम योजना के तहत निःशुल्क बनाये जा रहे हैं आयुष्मान कार्ड
ग्राम पंचायत स्तर पर कॉमन सर्विस सेन्टर्स पर हितग्राही करा सकते हैं पंजीयन
जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा कन्ट्रोल रुम के नंबर किये गये जारी
कटनी – आपके द्वार आयुष्मान योजना के तहत जिले के पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड निःशुल्क बनाये जा रहे हैं। जिला प्रशासन द्वारा इस कार्य के लिये सभी सीएससी सेन्टर्स एवं महात्मा गांधी ग्राम सेवा केन्द्रों के वीएलई को इस अभियान से जोड़ा गया है। जिले में अब कैम्पेन के रुप में आयुष्मान कार्ड निर्माण की प्रक्रिया चल रही है। सभी जनपदों के ग्राम पंचायतों के लिये कार्ययोजना तैयार की गई है। जिले में आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिये दिन के साथ ही सांध्य कालीन शिविर भी ग्राम पंचायतों में लगाये जा रहे हैं। इतना ही नहीं वीएलई ग्राम पंचायतों में घर-घर जाकर पात्र व्यक्तियों के आयुष्मान कार्ड बना रहे हैं।
उल्लेखनीय है कि आयुष्मान भारत निरामयम योजना के तहत अभियान चलाकर पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड निःशुल्क बनाये जा रहे हैं। निःशुल्क आयुष्मान कार्ड बनवाने के लिये परिवार समग्र आईडी के साथ कोई अन्य फोटो आईडी जैसे आधार कार्ड, वोटर कार्ड, ड्राईविंग लाईसेन्स, पासपोर्ट एवं सरकार पहचान पत्र आदि ले जाकर कॉमन सर्विस सेन्टर्स या सूचीबद्ध सरकार अथवा प्राईवेट अस्पताल में पंजीयन कराया जा सकता है।
आयुष्मान योजना के तहत पांच लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार प्रतिवर्ष प्रति पात्र परिवार के लिये किया जाता है। आयुष्मान योजना के अन्तर्गत कोविड-19 का उपचार भी संभव है। साथ ही गंभीर बीमारियों जैसे कैंसर, गुर्दा प्रत्यारोपण, हृदयघात, हृदय वॉल्व प्रत्यारोपण, घुटना एवं कूल्हों का प्रत्यारोपण, जच्चा-बच्चा संबंधित रोग, डायलेसिस व कीमोथेरेपी का उपचार सहित अन्य उपचार भी इस योजना के तहत कराये जा सकते हैं।
जिले में आयुष्मान कार्ड निर्माण के लिये जिला स्वास्थ्य समिति द्वारा कन्ट्रोल रुम के नंबर भी जनहित में जारी किये गये हैं। इन हेल्पलाईन नंबरों में कॉल करके पंजीयन की प्रक्रिया एवं अन्य संबंधित जानकारी प्राप्त की जा सकती है। कन्ट्रोल रुम का नंबर 9424647884, 8963917106, 7024134601, 7987994370, 9303698872 और 9179191416 है।

