कलेक्टर और एसपी ने किया नरसिंहपुर शहर का पैदल भ्रमण
( नरसिंहपुर )
कोरोना से बचाव के बारे में बढ़ाई गई जागरूकता
मंगलवार की शाम कलेक्टर श्री वेद प्रकाश और पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव नरसिंहपुर शहर के पैदल भ्रमण पर निकले। भ्रमण के दौरान अपर कलेक्टर श्री मनोज कुमार ठाकुर, जिला पंचायत सीईओ श्री केके भार्गव, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री सुनील कुमार शिवहरे, एसडीएम श्री राधेश्याम बघेल, राजस्व विभाग के अधिकारी एवं पुलिस महकमा मौजूद रहा। अधिकारियों द्वारा शहर के सुभाष पार्क से सिंहपुर चौराहा, राम मंदिर चौराहा से मुशरान पार्क से बाहरी रोड होते हुए वापस सुभाष पार्क चौराहा तक पैदल भ्रमण किया गया।
भ्रमण के दौरान अधिकारियों ने नागरिकों और दुकान संचालकों को अनिवार्य रूप से मास्क लगाने और सोशल डिस्टेंसिंग का कड़ाई से पालन करने की समझाइश दी। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे शासन की गाइड लाइन का पालन करें, कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए मास्क जरूर लगायें। कोरोना की प्रभावी तरीके से रोकथाम के लिए मास्क लगाना बेहद जरूरी है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना और सेनेटाइजर का उपयोग करना बहुत जरूरी है। भ्रमण के दौरान नागरिकों को नि:शुल्क मास्क भी वितरित किये गये।

