आमजनों हेतु कोविड टीकाकरण एक मार्च से निःशुल्क
( विदिशा )
कलेक्टर द्वारा तैयारियों का जायजा
कोविड टीकाकरण के लिए जारी नवीनतम गाइड लाइन के अनुरूप कार्यो का सम्पादन अर्थात टीकाकरण कार्य विदिशा जिले में भी एक मार्च से क्रियान्वित किया जाएगा। विदिशा जिले में भी चिन्हित आयुवर्ग के आमजनों हेतु कोविड टीकाकरण प्रक्रिया के तहत क्रियान्वित कार्यो की तैयारियों का जायजा शनिवार को नवीन कलेक्ट्रेट के बेतवा सभागार कक्ष में कलेक्टर डॉ पंकज जैन के द्वारा बैठक आयोजित कर लिया गया है।
कलेक्टर डॉ जैन ने बैठक में बताया कि भारत सरकार की मंशा के अनुरूप एक मार्च से 60 वर्ष से अधिक आयु वर्ग वाले व्यक्तियों का निःशुल्क कोविड टीकाकरण किया जाएगा जबकि 45 से 59 आयु वर्ग वाले ऐसे व्यक्ति जो चिन्हित 19 प्रकार की गंभीर बीमारियों से ग्रस्त है का ही टीकाकरण कार्य किया जाएगा इसके लिए संबंधित को एमबीबीएस धारक चिकित्सक का प्रमाणीकरण प्रमाण पत्र टीकाकरण के पूर्व प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
टीकाकरण के लिए निर्धारित आयु वर्ग के व्यक्ति कोविन पोर्टल या फिर आरोग्य सेतु पर अपनी जानकारी अनिवार्यतः फीड कर टीकाकरण हेतु रजिस्ट्रेशन करा सकेंगे। रजिस्ट्रेशन के दौरान पहचान एवं आयु गणना के लिए पृथक-पृथक आईडी प्रूफ अंकित करनी होगी इसके अलावा चिन्हित 19 प्रकार की बीमारी के लिए एमबीबीएस चिकित्सक का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
एक मार्च से सेशन साइड पर तीन तरह के व्यक्ति टीकाकरण हेतु आएंगे जिसें प्रथम छूटे हुए हेल्थ केयर वर्कर व फ्रंट लाइन वर्कर जिनका पहलीबार टीकाकरण होना है, दूसरे ऐसे हेल्थ केयर वर्कर व फ्रंटलाइन वर्कर जिनका दूसरी बार टीकाकरण किया जाना है। प्रत्येक टीकाकरण केन्द्र पर अलग-अलग टेबिल व कक्षो में पूर्व उल्लेखितों का टीकाकरण कार्य किया जाएगा। इसके अलावा 60 वर्ष से अधिक आयु वाले व्यक्तियों का टीकाकरण कार्य किया जाएगा वही 45 वर्ष से 59 आयु वर्ग वाले जो अन्य पूर्व उल्लेखित 19 प्रकार की गंभीर बीमारियों से ग्रस्त है उन सबका टीकाकरण एमबीबीएसधारक चिकित्सक का प्रमाण पत्र प्रस्तुत करने और उनके द्वारा पूर्व उल्लेखित पोर्टल पर पंजीकृत होना आवश्यक है तभी संबंधित टीकाकरण स्थल पर उपस्थित होने पर उल्लेखित व्यक्ति का टीकाकरण किया जाएगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ केएस अहिरवार ने बताया कि आज सम्पन्न हुई वीडियो कांफ्रेसिंग में राज्य स्तर से निर्देशित किया गया है कि एक मार्च को जिले के मेडीकल कॉलेज तथा जिला चिकित्सालय एवं दो जन चिकित्सालय सिरोंज एवं बासौदा में ही आमजनो का कोविड टीकाकरण कार्य किया जाएगा।

