मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर में श्री गुरुजी सेवा न्यास के नवनिर्मित मेडिकल सेंटर का किया शुभारंभ

( भोपाल )

चिकित्सालय में न्यूनतम दर पर दी जायेंगी सर्वसुलभ स्वास्थ्य सुविधाएँ
सेवा भाव के संस्कारों का केंद्र है इंदौर शहर – मुख्यमंत्री श्री चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को इंदौर में श्री गुरुजी सेवा न्यास के नवनिर्मित माधव सृष्टि चमेली देवी अग्रवाल मेडिकल सेंटर का लोकार्पण किया। इस अवसर पर सह-सरकार्यवाह राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के श्री सुरेश सोनी, जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, सांसद श्री शंकर लालवानी, क्षेत्रीय संघ संचालक श्री अशोक सोनी सहित श्री गुरुजी सेवा न्यास के राष्ट्रीय एवं प्रांतीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

प्रकल्प के माध्यम से सार्थक होगी सर्वे भवन्तु सुखिनः सर्वे सन्तु निरामयाः की भावना

लोकार्पण समारोह में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने अपने उद्बोधन में कहा कि स्वास्थ्य और शिक्षा में सुधार एवं गुणवत्ता लाने के लिए समाज का सहयोग हमेशा से ही आवश्यक रहा है। इस सहयोग और सेवा भाव के निर्माण का कार्य राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ तथा श्री गुरुजी सेवा न्यास के सेवा भारतीयों द्वारा सतत रूप से किया जा रहा है। सेवा भाव की इसी परंपरा से वशीभूत होकर निर्मित किए गए इस मेडिकल सेंटर के प्रकल्प के माध्यम से इंदौर स्वच्छता के साथ-साथ स्वस्थ शहर की ख्याति प्राप्त करने के पथ पर अग्रसर हो चुका है।

मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इंदौर सेवा भाव में केवल प्रदेश में ही नहीं बल्कि देश में भी हमेशा से ही आगे रहा है। कोरोना काल में लगे लॉकडाउन के समय प्रवासी मजदूरों की सेवा में इंदौर रहवासियों ने तत्परता से आगे बढ़कर सहयोग एवं सहायता प्रदान करते हुए समाज सेवा का सर्वोत्तम उदाहरण पेश किया। इसी सामाजिक सहयोग के सकारात्मक साकार रूप का दर्शन इस प्रकल्प की अवधारणा में देखने को मिलता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने समाज के प्रति समर्पण भाव एवं पीड़ित तथा जरूरतमंदों की स्वास्थ्य समस्याओं के निवारण के लिए श्री गुरुजी सेवा न्यास द्वारा निर्मित किए गए इस अनूठे तथा आधुनिक संसाधनों से परिपूर्ण मेडिकल सेंटर के निर्माण के लिए सभी सहयोगियों को शुभकामनाएँ व्यक्त की। उन्होंने आश्वासन दिया कि श्री गुरुजी सेवा न्यास के इस प्रकल्प को साकार रूप देने में राज्य शासन तथा जिला प्रशासन द्वारा हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।

Share this:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी देखें