सेफ सिटी अंतर्गत महिलाओं ने की सेफ्टी वॉक
कटनी – महिला एवं बाल विकास विभाग जिला कटनी द्वारा 8 मार्च अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में गत दिवस विभाग द्वारा सेफ सिटी कार्यक्रम अंतर्गत शहरी क्षेत्र के चिन्हांकित दस हॉटस्पॉट स्थानों, मुरवारा रेलवे स्टेशन, कटनी रेलवे स्टेशन, शासकीय कन्या महाविद्यालय कटनी, गायत्री नगर पुलिया आदि पर सेफ्टी वॉक एवं सेफ्टी ऑडिट का आयोजन किया गया। सेफ्टी वॉक एवं सेफ्टी ऑडिट का उद्देश्य था कि हॉटस्पॉट स्थानों में महिलाओं के सुरक्षित आवागमन के संबंध में महिलाओं में विश्वास जागृत करना एवं इन स्थानों पर महिला सुरक्षा के विभिन्न मानक जैसे पर्याप्त रोशनी की उपलब्धता, स्वच्छ एवं सुरक्षित शौचालय की उपलब्धता, सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन एवं विपरीत परिस्थितियों में सहायता प्राप्त करने आदि की वास्तविक परिस्थितियों का आंकलन करना।

सेफ्टी वॉक में महिला एवं बाल विकास विभाग से मीना बड़कुल, परियोजना अधिकारी कटनी शहर, सुषमा नाग, प्रशासन वन स्टॉप सेंटर, कटनी एवं पुलिस विभाग से प्रियंका केवट, प्रभारी महिला थाना कटनी द्वारा हॉटस्पॉट स्थानों पर महिलाओं के साथ सहभागिता की गई। सेफ्टी वॉक में स्थानीय महिलाओं ने बड़ी संख्या में सहभागिता की और कटनी को महिलाओं के लिए सेफ सिटी बनाने प्रत्येक नागरिक द्वारा सहभागिता करने की अपील की गई।

