स्वसहायता समूहों को अत्मनिर्भर बनाने बहोरीबंद में नया प्रयोग
सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र में कपड़ों की साफ-सफाई का सौंपा जिम्मा
बेहतर और गुणवत्तायुक्त हो काम, इसके लिये उपलब्ध कराई गई वॉशिंग मशीन
कटनी – विनीता और उनके स्वसहायता समूह की साथी रजनी, सुमन, सुनीता, कमला, शीला सहित अन्य सभी आज बहुत खुश हैं। आज का दिन उनके लिये खास रहा। निर्मल स्वसहायता समूह की इन बहनों को स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में एक और सार्थक कदम आज बहोरीबंद में बढ़ाया गया। अर्न्तराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित हो रहे कार्यक्रमों की श्रृंखला में एक बड़ी जिम्मेदारी विनीता और उनके साथियों को बहोरीबंद एसडीएम रोहित सिसोनिया ने सौंपी है। उल्लेखनीय है कि कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने भी इस तरह की गतिविधियों में स्वसहायता समूहों को जोड़ने के निर्देश दिये हुये हैं। ताकि समूह की महिला सदस्यों को आर्थिक रुप से सशक्त बनाया जा सके।

आर्थिक रुप से निर्मल स्वसहायता समूह की बहनों को आत्म निर्भर बनाने के उद्देश्य से सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बहोरीबंद में प्रतिदिन कपड़ों की साफ-सफाई का जिम्मा इन्हें दिया गया है। यह काम और बेहतर ढंग से तेजी के साथ हो, इस दिशा में एक नया प्रयास किया गया। बुधवार को स्वसहायता समूह की बहनों के लिये वॉशिंग मशीन प्रदाय करते हुये कार्य का शुभारंभ महिला सदस्यों द्वारा प्रारंभ किया गया। इससे समूह की समस्त महिलायें प्रसन्न हैं। उनका कहना है कि इससे उनका काम अब आसान होगा। साथ ही गुणवत्ता भी बेहतर हो पायेगी। इस दौरान जनप्रतिनिधि इन्द्र कुमार पटेल, एसडीएम रोहित सिसोनिया, परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास विभाग सतीश पटैल और स्वास्थ्य विभाग के लोग भी उपस्थित रहे। सभी ने समूह की महिलाओं का हौसला बढ़ाया और उन्हें आगे बढ़ने के लिये शुभकामनायें भी दीं।

