राज्यस्तरीय कार्यक्रम का दिखाया गया सीधा प्रसारण
मिशन ग्रामोदय कार्यक्रम का हुआ आयोजन
जिले में 2773 प्रधानमंत्री आवासों में हितग्राहियों को कराया गया गृह प्रवेश
कटनी – मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने आज मिशन ग्रामोदय के तहत प्रदेश के सवा लाख परिवारों को प्रधानमंत्री आवास की सौगात देते हुये गृह प्रवेश कराया। मिशन ग्रामोदय का राज्यस्तरीय कार्यक्रम धार जिले में आयोजित हुआ। इन सवा लाख आवासों की लागत 1562 करोड़ रूपये है। साथ ही ग्रामीण विकास विभाग के साढ़े 10 हजार से अधिक सामुदायिक निर्माण कार्यों का लोकार्पण भी इस कार्यक्रम के माध्यम से किया गया। इनमें 6 हजार सामुदायिक स्वच्छता परिसर, 2 हजार खेल मैदान, 2 हजार शांति धाम और 634 पंचायत भवन शामिल हैं।
इस अवसर पर कटनी जिले में भी 2773 प्रधानमंत्री आवासों में भी हितग्राहियों को गृह प्रवेश कराया गया है। इसमें बड़वारा जनपद अन्तर्गत 531, बहोरीबंद अन्तर्गत 753, ढीमरखेड़ा में 811, कटनी में 208, रीठी में 206, विजयराघवगढ़ में 264 पीएम आवासों में हितग्राहियों ने गृह प्रवेश किया। गृह प्रवेश कार्यक्रम में जिला पंचायत की प्रधान ममता पटेल भी विजयराघवगढ़ जनपद में आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुई। गृह प्रवेश कार्यक्रम के तहत धार जिले में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम का कटनी जिले में भी जिला, विकासखण्ड एवं ग्राम पंचायत स्तर पर सीधा प्रसारण विभिन्न माध्यमों से दिखाया गया। जिलासतर पर प्रधानमंत्री आवास के हितग्राही कलेक्टर कार्यालय के ई-दक्ष में वेबकास्ट के माध्यम से जुड़े।

