वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संभागायुक्त बी. चंद्रशेखर ने दिए बेहतर इलाज के निर्देश
कोरोना मरीजों के उपचार में न हो किसी प्रकार की लापरवाही : संभागायुक्त श्री चन्द्रशेखर
( जबलपुर ) कोरोना मरीजों का इलाज समय पर एवं पूरी गंभीरता से करने को लेकर संभागायुक्त श्री बी चंद्रशेखर ने संभाग के सभी जिलों के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों, सिविल सर्जनों एवं मरीजों के इलाज में लगे चिकित्सकों से संवाद किया। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभागायुक्त ने कोरोना मरीजों का इलाज कर रहे चिकित्सकों से भी चर्चा की एवं मरीजों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने को लेकर चर्चा की। संभागायुक्त श्री बी चंद्रशेखर ने सभी चिकित्सा अधिकारियों से कहा है कि वे कोरोना से संक्रमित मरीजों के उपचार में कोई कोताही न बरतें एवं मरीजों का जीवन बचाने पूरी ईमानदारी से कार्य करें। संभागायुक्त श्री बी चंद्रशेखर के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में देश के अनेक प्रसिद्ध अस्पतालों के चिकित्सक भी जुड़ें एवं कोरोना मरीजों के बेहतर उपचार के लिए अनेक सुखाव दिए। संभागायुक्त श्री बी चंद्रशेखर ने कहा कि मरीजों के उपचार में शासन की ओर से पूरा सहयोग किया जा रहा है एवं आवश्यकतानुसार उपकरण, जीवनरक्षक दवाइयां एवं चिकित्सा विशेषज्ञों की उपलब्धता सुनिश्चित की जा रही है अतः सभी चिकित्सा अधिकारी मरीजों को बेहतर इलाज समय रहते उपलब्ध कराएं ताकि मरीजों की जान बचाई जा सके। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संभागायुक्त ने संभाग के सभी जिलों में उपचाररत कोरोना मरीजों की जानकारी लेकर उनका हालचाल भी जाना। इस अवसर पर उन्होंने जबलपुर, कटनी, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट नरसिंहपुर,मंडला, डिंडौरी के पदाधिकारियों से एक एक कर बात की और उपचार व्यवस्था की जानकारी लेते हुए और बेहतर इलाज करने के निर्देश दिए।इस दौरान उपायुक्त श्रीमती नीता राठौर के अलावा मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ पवन तिवारी आदि उपस्थित थे।इस अवसर पर डॉ तिवारी ने पावर पॉइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से भी सभी जिलों के चिकित्सकों को बेहतर इलाज के संबंध में अपना अनुभव साझा करते हुए विस्तार से जानकारियां दी।

