गरीबों का हित सरकार की पहली प्राथमिकता- मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 379 करोड़ रूपये संबल हितग्राहियों के खातो में किए अंतरित
जिले के 369 हितग्राहियों को अंतरित की गई 8 करोड़ 08 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता की राशि
कटनी मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि गरीबों का हित करना राज्य शासन की प्राथमिकता में है। गरीब मजदूर वर्ग को संकट के समय संबल देने के लिये ही संबल योजना बनाई गई है। योजना में आज प्रदेश के 16 हजार 844 हितग्राहियों के खाते में 379 करोड़ रुपये अंतरित किये गये हैं। इस अवसर पर कटनी जिले के 369 हितग्राहियों को 8 करोड़ 08 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता की राशि ऑनलाइन अंतरित की गई है। कोरोना काल के संकट में यह सहायता राशि गरीब परिवारों के लिये काफी उपयोगी साबित होगी।
मुख्यमंत्री श्री चौहान मंगलवार को असंगठित क्षेत्र के गरीब श्रमिक परिवारों को मुख्यमंत्री जन-कल्याण संबल योजना में सहायता राशि वितरण कार्यक्रम को वर्चुअल संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में श्रम मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह भी वर्चुअली शामिल हुए। इस कार्यक्रम में कटनी जिले के एनआईसी वीसी कक्ष से भी जिले के हितग्राहियों ने सहभागिता की। इस दौरान सीईओ जिला पंचायत जगदीश चन्द्रगोमे भी वीडियो कांफ्रेसिंग के माध्यम से शामिल हुये।
